गोड्डा:धान लदा ट्रैक्टर गड्ढे में पलटा, चालक सहित दो की मौत

 

गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा जिले के मेहरमा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक सड़क हादसा हो गया। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है।हादसे में धान लदा ट्रैक्टर पानी भरे गड्ढे में पलट गया।हादसा धमड़ी-बरारी मुख्य मार्ग में हुआ।स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रैक्टर शंकरपुर के बरारी स्थित झल्ला टोला से धान लादकर बाराहाट की ओर जा रहा था।धमड़ी पहुंचने से पहले गड्ढे के पास ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ा और पानी से भरा गहरे गड्ढे में पलट गया।ट्रैक्टर के नीचे दबने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृत खलासी की पहचान मेहरमा थाना क्षेत्र के बरारी निवासी आजादी पासवान के 20 वर्षीय पुत्र विकास पासवान के रूप में हुई है।वहीं ट्रैक्टर चालक का नाम पडेवा सोरेन बताया गया है,जो मेहरमा थाना क्षेत्र के झल्ला टोला निवासी बेहड़ सोरेन का पुत्र था।

घटना की सूचना मिलते ही मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जेसीबी मशीन की मदद से गड्ढे से ट्रैक्टर को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों की सहयोग से दोनों शव को भी बाहर निकाला गया, जिसके बाद दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।

मृतक विकास पासवान के पिता आजादी पासवान ने बताया कि उनका पुत्र धान लोड कर बाराहाट स्थित गोदाम जा रहा था।तभी उन्हें हादसे की सूचना मिली।थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर ने पुष्टि की है कि गड्ढे में धान लदे ट्रैक्टर के पलटने से दोनों की मौत हुई है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।इधर हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसर गया है और रो-रोकर बुरा हाल है।

error: Content is protected !!