Ranchi:सुबह दूध लेने निकली महिला से चेन छिनतई,बाइक सवार दो अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम…
क्राइम की तीन खबरें..
राँची।राजधानी राँची के पंडरा थाना क्षेत्र स्थित सहदेव नगर की रहने वाली 60 साल की सुनीता सिंह से बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने सोने की चेन छिन ली। घटना सुबह 6:50 बजे की है। सुनीता रोज की तरह दूध लेने बगल की दुकान गई थीं। दूध लेकर जैसे ही घर के मेन गेट के पास पहुंचीं, पीछे से आए बाइक सवारों ने उनके गले से 10 ग्राम की सोने की चैन खींच ली और भाग निकले। सुनीता ने शोर मचाया। कुछ दूर तक पीछे भी भागीं। लेकिन दोनों आरोपी फरार हो गए। घटना की लिखित शिकायत पंडरा ओपी में दी गई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
घर का ताला तोड़ 2 लाख की चोरी
राँची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में प्रेम नगर रोड नंबर 4, लटमा रोड हेसाग स्थित एक घर में बीती रात चोरों ने ताला तोड़ कर दो लाख रुपये की चोरी कर ली। घर के मालिक शिव विमल टोप्पो ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे वे परिवार के साथ खाना खाकर सो गए थे। सुबह उठे तो देखा कि एक कमरे की खिड़की टूटी हुई थी। कमरे के अंदर दो अलमारियों को तोड़कर सारा सामान बिखेर दिया गया था। चोरों ने घर से करीब एक लाख रुपये के जेवर और एक लाख रुपये नकद चुरा लिए। चोरी हुए सामान में दो सोने के झुमके, दो सोने की चेन, छह चांदी की चेन और एक चांदी की पायल शामिल है। शिव विमल टोप्पो ने जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मारपीट कर लूटपाट, कोतवाली थाना में केस
राँची के कोतवाली थाना में मारपीट व लूटपाट की प्राथमिकी गाड़ीखाना निवासी अभय राज यादव ने दर्ज कराया है। दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि वे एक दूध के बूथ के पास बैठे थे, उसी समय आरोपी चकू व देसी कट्टे के साथ आए। उनपर जानलेवा हमला किया। फिर गले से चेन, कलेक्शन का 48 हदार रुपए, दो अंगूठी लूट लिया। उन्हें जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह वे अपनी जान बचाकर भागे और सेवा सदन में अपना प्राथमिक उपचार कराया। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।