रामगढ़ पुलिस के हत्थे चढ़ा पांडेय गिरोह के दो अपराधी…बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था…
रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ पुलिस ने पतरातू के सांकुल आम बगीचा से दो अपराधियों को एक पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। ये अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। एसपी अजय कुमार ने इसकी जानकारी दी। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।एसपी अजय कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि पतरातू थाना क्षेत्र के सांकुल स्थित आम बगीचा में संगठित अपराध से जुड़े कुछ लोग इकट्ठा होकर किसी बड़ी वारदात की साजिश रच रहे हैं। इस सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए सहायक पुलिस अधीक्षक सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातु गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।टीम ने सांकुल आम बगीचा पहुंचकर सशस्त्र बल के साथ घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखकर कुछ लोग भागने लगे, जिनमें से दो व्यक्तियों को सशस्त्र बल की मदद से खदेड़कर पकड़ा गया। हालांकि, चार अन्य व्यक्ति रात का फायदा उठाकरभागने में सफल रहे।पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान इरफान उर्फ रेहान (पिता-ईरशाद) और राजेश साव (पिता स्व. भुनेश्वर साव), दोनों सांकुल स्टेशन रोड, पतरातू, रामगढ़ निवासी के रूप में हुई। उनकी तलाशी लेने पर 7.65 एमएम का एक लोडेड देशी पिस्टल और मैगजीन बरामद हुई। उनके खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।कड़ी पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे संगठित अपराध से जुड़े पाण्डेय गिरोह के सदस्य हैं। उन्होंने खुलासा किया कि एक दिन पहले शाम को पतरातू ब्लॉक निवासी विशाल राम (स्व. जुगेश राम के बेटे) और राजेश साव के भतीजे आकाश कुमार के बीच वॉलीबॉल खेलने को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी झगड़े का बदला लेने और पाण्डेय गिरोह का खौफ कायम रखने के लिए वे देर रात जानलेवा हमला करने की साजिश रच रहे थे।

