पाकुड़ न्यायालय से फरार हत्या के दो दोषी गिरफ्तार,दोषी करार दिए जाने के तुरंत बाद कोर्ट परिसर से दोनों हुए थे फरार

 

पाकुड़।झारखण्ड के पाकुड़ न्यायालय परिसर से बुधवार को फरार हुए हत्या के दो दोषियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपियों को पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। न्यायालय से भागने के आरोप में दोनों के खिलाफ नगर थाना में मामला दर्ज किया गया था।वहीं, इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में कोर्ट के हाजत प्रभारी हरेंद्र नाथ मंडल को निलंबित कर दिया गया है।वहीं नगर थाना प्रभारी को लाइन क्लोज कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई एक हत्या के मामले में कुल चार लोगों को एडीजे वन की अदालत ने 7 जनवरी को दोषी करार दिया था। दोषी करार दिए जाने के तुरंत बाद, दो आरोपी शिवधन महली और नरेन महली शौच का बहाना बनाकर न्यायालय परिसर से फरार हो गए थे।

आरोपियों के फरार होने के बाद नगर थाना में कांड संख्या 7/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी निधि द्विवेदी ने पुलिस कोर्ट कार्यालय के प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया।इस टीम में वर्तमान नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, तत्कालीन नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सन्नी सुप्रभात, सुखदेव शाह, सहायक अवर निरीक्षक भीम रजक और धनंजय मंडल शामिल थे।एसआईटी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग करते हुए दोनों फरार आरोपियों को महेशपुर थाना क्षेत्र से सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।

एसपी ने बताया कि आरोपियों के फरार होने के मामले को गंभीरता से लिया गया था, जिसके चलते एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में कोर्ट के हाजत प्रभारी हरेंद्र नाथ मंडल को निलंबित कर दिया गया है।

error: Content is protected !!