रामगढ़:गश्ती के दौरान होमगार्ड जवान को ट्रक ने कुचला, पुलिस लाइन में दी गई श्रद्धांजलि
रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र के नया मोड़ एनएच 33 फोरलेन चौराहे पर सड़क पार कर रहे रात्रि गश्ती दल का होमगार्ड जवान तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन भी अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे बने झोपड़ीनुमा दुकान में घुस गया। घटना के बाद वाहन चालक वहां से फरार हो गया। होमगार्ड जवान के शव को पोस्टमार्टम होने के बाद पुलिस लाइन लाया गया, जहां उन्हें श्रधांजलि दी गई।
कुजू पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रात्रि में कुजू पुलिस की टीम गश्ती पर निकली थी और विभिन्न इलाकों में गश्त कर रही थी।सुबह करीब 3:30 बजे NH 33 नया मोड़ फोरलेन मुख्य चौराहा के समीप गश्ती दल वहां पहुंचा।इसी दौरान गाड़ी में बैठे अधिकारी को होमगार्ड का जवान शौच जाने के लिए बोलकर गाड़ी से चला गया।
होमगार्ड जवान सुरेंद्र कुमार मेहता जैसे ही सड़क पार करने लगे उसी दौरान तेज गति से आ रहे मिनी ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और वह अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे बनी दुकान में जा घुसा।इस घटना में होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके बायें सीने, हाथ और सिर में गंभीर चोट लगी, जिसके कारण होमगार्ड के जवान सुरेंद्र की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।फिर भी गश्ती पुलिस आनन-फानन में होमगार्ड जवान को सदर अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह एवं वेस्ट बोकारो ओपी प्रभारी दीपक कुमार सिंह भी सदर अस्पताल रामगढ़ पहुंचे. घटना की जानकारी होमगार्ड के जवान के परिजनों को दी गई। सूचना पाकर परिजन सदर अस्पताल रामगढ़ पहुंचे जिनका रो-रो कर बुरा हाल है।
एसपी अजय कुमार ने बताया कि कुजू फोरलेन में गश्ती के दौरान सड़क पार कर रहे होमगार्ड के जवान को टर्बो ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी और टक्कर मारने के बाद सड़क के किनारे झोपड़ी नुमा दुकान में घुस गया।जिस कारण होमगार्ड का जवान बुरी तरह घायल हो गया था और इसके बाद हम लोगों द्वारा उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि वाहन का चालक भाग गया है और पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। उन्होंने कहा कि मृतक होमगार्ड के परिवार के साथ पुलिस खड़ी है जो सरकारी प्रावधान है और नियम अनुसार जो भी सहायता होगी की जाएगी।

