​​​​​​​अवैध-संबंध में पति की हत्या के लिए भेजे तीन शूटर गिरफ्तार,आरोपी महिला फरार

​​​​​​​

जमशेदपुर।जमशेदपुर में पत्नी द्वारा अपने पति की हत्या की साजिश का खुलासा हुआ है। परसुडीह थाना क्षेत्र में एक महिला ने जेल में बंद अपने अपराधी प्रेमी के साथ मिलकर पति को मारने की योजना बनाई थी। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए तीन शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है।वहीं, महिला फरार है। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि यह मामला बर्मामाइंस थाना कांड संख्या 147/25 से संबंधित है, जिसमें जावेद नामक व्यक्ति पर जानलेवा हमले की योजना बनाई गई थी। जावेद अपनी पत्नी हीना के अवैध संबंध के बारे में सवाल करता था। वो पत्नी को प्रेमी से अलग होने के लिए कहता था, जिस कारण उनके बीच अक्सर झगड़े होते थे।

इसी वजह से हीना अपने पति की हत्या करवाना चाहती थी। पुलिस को 20 नवंबर को गुप्त सूचना मिली कि खासमहल के मुरूम मैदान में बिट्टू, मोहम्मद शाहबाज उर्फ भोंदु, राहुल कुमार और उनके अन्य साथी हीना के कहने पर जावेद को मारने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

सिटी एसपी के अनुसार, छापेमारी के दौरान पुलिस ने सशस्त्र बल की मदद से बिट्टू (22), मो. शाहबाज उर्फ भोंदु (19) और राहुल कुमार (26) को मौके से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, अन्य आरोपी फरार होने में सफल रहे। तलाशी के दौरान, मो. शाहबाज उर्फ भोंदु से एक लोहे का सिल्वर रंग का पिस्टल और मैगजीन, जबकि बिट्टू से एक काले रंग का पिस्टल और मैगजीन बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त, दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

पुलिस ने इस मामले में परसुडीह थाना कांड संख्या 149/25 दर्ज किया है और आरोपियों पर आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराएं लगाई हैं। गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, मो. शाहबाज उर्फ भोंदु का आपराधिक इतिहास भी है। वह बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में फायरिंग और मारपीट के कई मामलों में नामजद रह चुका है। बरामदगी में कुल दो 7.65 एमएम पिस्टल, दो मैगजीन और दो मोबाइल फोन शामिल हैं।

error: Content is protected !!