जमशेदपुर में दिनदहाड़े जेम्स हाउस से 10 लाख के कीमती रत्न चोरी,सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ चोर

जमशेदपुर।झारखण्ड के जमशेदपुर में जुगसलाई थाना क्षेत्र के व्यस्तम बाटा चौक में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब जेम्स हाउस नामक आभूषण–रत्न दुकान में एक शातिर युवक ने फिल्मी अंदाज में लाखों के कीमती रत्नों पर हाथ साफ कर दिया। चोर दुकान में ऐसे दाखिल हुआ, जैसे किसी खरीदार की तरह सामान देखने आया हो, लेकिन मौका मिलते ही उसने शोकेस खोलकर पोखराज, नीलम, मोती समेत अन्य कीमती पत्थर झपट लिए और देखते ही देखते मौके से फरार हो गया। चोरी गए रत्नों की अनुमानित कीमत करीब दस लाख रुपये बताई जा रही है।

घटना के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों में भारी रोष देखा गया और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि व्यापारियों के विरोध का सामना भी करना पड़ा।दुकान मालिक के अनुसार, घटना के समय वे थोड़ी देर के लिए शौचालय गए थे और कर्मचारी भी दुकान से बाहर थे। इसी बीच आरोपी युवक मौके का फायदा उठाकर दुकान में घुसा और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान में जुट गई है।

पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच कर रही है। वहीं, लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

error: Content is protected !!