Ranchi:रातू में दिनदहाड़े आरपीएफ जवान के घर से करीब 20 लाख की चोरी…

 

राँची।जिले के रातू थाना क्षेत्र के काठीटांड में रविवार को चोरों ने दिनदहाड़े एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लगभग तीन से चार लाख रुपये नकद और करीब 15 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित परमानंद कुमार, जो सेन्ट्रल रेलवे पुलिस फोर्स (आरपीएफ) के जवान हैं, ने मामले की जानकारी रातू थाना में दर्ज कराई है। घटना के समय परमानंद ड्यूटी पर हटिया स्टेशन पर थे, जबकि उनकी पत्नी प्रीति कुमारी घर पर मौजूद थीं। प्राथमिकी में दर्ज बयान के अनुसार प्रीति कुमारी दोपहर करीब ढाई बजे कुछ सामान लाने के लिए पास के गोदाम गई थीं। लगभग आधे घंटे बाद जब वे लौटीं तो देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा पड़ा है।आवाज लगाने पर एक चोर छत से कूदकर तेजी से भाग निकला। आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक चोर फरार हो चुके थे।

चोरों ने अलमीरा तोड़कर उसमें रखी नकदी और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात उड़ा लिए।
पीड़िता ने भावुक होकर बताया कि चोर सोने का नेकलेस, कंगन, झुमका, अंगूठी, नथिया, मांगटीका, चेन, शीतला, जीतिया, मंगलसूत्र, पायल, बिछिया समेत कई कीमती आभूषण ले गए। परिवार शादी-ब्याह और धार्मिक कार्यक्रमों के लिए तैयार रखे गए गहनों के चले जाने से सदमे में है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रातू क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं और चोरों को ऐसे अवसरों की जानकारी कैसे मिल रही है, यह सवाल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। छठ पूजा और शादी का सीजन शुरू होने पर चोरी की आशंकाएं और बढ़ जाती हैं। लोगों का कहना है कि अब घर छोड़कर जाना मुश्किल हो गया है, क्योंकि दिनदहाड़े ताले तोड़कर चोरी की घटनाएं आम हो चली हैं।

घटना की सूचना के बाद रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने की बात कही है। हालांकि घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

error: Content is protected !!