ट्रक ने कार में मारी टक्कर,झारखण्ड पुलिस के जवान की मौत…हजारीबाग से कोडरमा पूजा में शामिल होने जा रहे थे…
कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र के जामुखड़ी में एनएच-20 पर एक सड़क दुर्घटना में कार सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान पदमा (हजारीबाग) निवासी 45 वर्षीय जयकिशोर राम के रूप में हुई है।जयकिशोर झारखण्ड पुलिस के जवान थे और वर्तमान में पदमा पुलिस लाइन में कार्यरत थे। दुर्घटना में मृतक की पत्नी अनिता देवी को गंभीर चोटें आई हैं। कार में सवार दो अन्य लोग मामूली रूप से जख्मी हुए हैं।
अनिता देवी ने बताया कि वे लोग पदमा (हजारीबाग) से अपनी कार से झुमरीतिलैया के सीडी कॉलोनी में एक परिचित के यहां पूजा में शामिल होने जा रहे थे। बरही घाटी पार करने के बाद जामुखाड़ी में पीछे से आ रही एक ओवर स्पीड टेलर ने ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी कार को दाईं ओर से टक्कर मार दी।इस टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और जयकिशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने चंदवारा थाना प्रभारी को सूचना दी। थाना प्रभारी धनेश्वर कुमार मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक जयकिशोर की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने मृतक जयकिशोर राम और घायल अनिता देवी को सदर अस्पताल भेजा। अनिता देवी का इलाज जारी है।

