पेंटर से शूटर बनने की कहानी ….कोयला कारोबारी बिपिन मिश्रा को गोली मारने के लिए शूटरों ने तकिए पर गोली चला ली थी ट्रेनिंग…!

–दोनों शूटर पिछले दो महीने से एदलहातू में एक घर में पेंटर का काम कर रहे थे, मुख्य साजिशकर्ता प्रेम प्रकाश पांडेय ने दोनों को बुलाया था राँची

 

राँची। कोयला कारोबारी विपिन मिश्रा गोली कांड का राँची पुलिस ने खुलासा करते हुए छह अपराधियों को गिरफ्तार किया। पूरे मामले से पर्दा हटाया। लेकिन इस गोलीकांड के पीछे कई ऐसी कहानियां है जो सामने नहीं आई। राँची पुलिस ने अपराधी पतरातू निवासी प्रेम प्रकाश पांडेय, बोकारो ललपनिया का रहने वाला रहमान अंसारी, बड़कागांव हजारीबाग निवासी करण उरांव उर्फ मोटू, शूटर बिहार बक्सर का रहने वाला अविनाश कुमार ठाकुर उर्फ सल्लू, शोभित सिंह उर्फ मकसूदन और ओरमांझी का रहने वाला विशाल मुंडा को गिरफ्तार किया था। इनके पास से पुलिस ने चार पिस्टल, 6 मैग्जीन, 20 कारतूस और घटना में रेकी के लिए प्रयुक्त बाइक को बरामद किया था। इन सभी को पकड़ने के लिए रांची ने 29 पुलिस अधिकारियों की एसआईटी बनाई थी। इस कांड का मुख्य साजिशकर्ता प्रेम प्रकाश पांडेय ने जिन दो शूटरों अविनाश ठाकुर और शोभित सिंह को बुलाया था वे दोनों दो महीने से मोरहाबादी के एदलहातू में रहकर पेंटर का काम कर रहे थे। जबकि प्रेम प्रकाश वहां लेबर सप्लायर बनकर वहां रहता था। दोनों प्रोफेसनल शूटर तक नही थे। इसलिए दोेनो को प्रेम प्रकाश ने हथियार देकर उन्हें तकिया पर गोली चलाने की ट्रेनिंग दी थी। ताकि उनसे कोई चूक नहीं हो। घटना के बाद प्रेम प्रकाश ने हथियार को करण उरांव के दे दिया था। जिसे करण उरांव ने अपनी पत्नी को रखने के लिए दिया था। उसकी पत्नी ने हथियार को कपड़ा में बांधकर रखा था। जिसे चुटिया इलाके से बरामद किया गया।

रहमान अंसारी है शातिर बाइक चोर, घटना वाले दिन वहीं बाइक चला कर लाया शूटरों को

इस घटना में शामिल अपराधी रहमान अंसारी शातिर बाइक चोर है। वह बाइक चलाने में भी एक्सपर्ट है। घटना वाले दिन रहमान ने ही बाइक चलाकर दोनों शूटरों को लाया। वहीं विशाल मुंडा कारोबारी बिपिन मिश्रा की बाइक से रेकी किया करता था। उसकी वजह से ही पुलिस इस पूरे घटना क्रम का खुलासा कर पाई। अगर रेकी करने वाला बाइक पुलिस नहीं पकड़ पाती तो इसका खुलासा करना मुश्किल था।

घटना के बाद मनाली में ऐश कर रहे थे दोनों शूटर

घटना के बाद दोनो शूटर मनाली में एेश कर रहे थे। पुलिस ने पहले करण को दिल्ली से गिरफ्तार किया। उसके बाद उसने बताया कि प्रेम प्रकाश मनाली में है। पुलिस दोबारा दिल्ली से होते हुए मनाली गई। इसके बाद प्रेम प्रकाश पकड़ा गया। इस कांड में शामिल करण अपनी बीवी से बात करने के चक्कर में पकड़ा गया। वहीं विशाल भी अपनी प्रेमिका से बात करने के कारण ही पकड़ा गया। पुलिस ने उसके मोबाइल नंबर से उसे ट्रेस कर गिरफ्तार किया।

इधर राँची पुलिस ने बताया……

गिरफ्तार प्रेम प्रकाश ने गिरफ्तारी के बाद खुलासा किया कि बिपिन मिश्रा की पहले बाइक से कई दिनों तक रेकी कराई गई। उसके घर से लेकर आफिस चेशायर होम रोड तक लगातार आने जाने के दौरान रेकी किया गया। इसके बाद विशाल और विक्की को उसे गोली मारने के लिए बोला गया। लेकिन दोनों तैयार नहीं हुए। फिर अविनाश और मकसूदन को इस काम में लगाया गया। 7 मार्च को मोरहाबादी मैदान में रहमान और सिल्लू भी बाइक लेकर आए थे। सभी पिस्टल व गोली लेकर मोरहाबादी पहुंचे। दोनों लड़कों ने अविनाश और मकसूदन को एक एक पिस्टल दिया और बताए गए जगह पर बिपिन मिश्रा को मारने के लिए भेज दिया। बरियातू रोड में बिपिन मिश्रा को गोली मारने के बाद सभी रिंग रोड पहुंचे। फिर बाइक को जगदीप सिंह के यहां छिपा दिया गया। इसके बाद सभी बरियातू में एक अपार्टमेंट में ही छिप कर रहने लगे। इसी दौरान पुलिस ने करण उरांव को पकड़ लिया और उसके निशानदेही पर बाकी अन्य भी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

error: Content is protected !!