ड्राइवर के साथ पटना से भागकर खूंटी पहुंची विवाहिता,चालक प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है …पुलिस ने महिला को बरामद करते हुए पटना पुलिस को सूचना दी…
खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिले के मारंगहादा थाना में बिहार के पटना जिले के बिहटा की एक महिला अपने घर में वाहन चलानेवाले चालक प्रेमी के साथ पति और घरबार छोड़कर खूंटी के मारंगहादा पहुंच गई। महिला के घर से गायब होने पर परिजनों ने उसकी काफी खोज की। परिजनों को सूचना मिली कि महिला चालक के साथ खूंटी के मारंगहादा चली गई है तो परिजन उसे खोजते हुए खूंटी पहुंचे। रविवार को महिला ने जब अपने परिजनों को गांव में देखा तो मारंगहादा थाना पहुंची और पुलिस से अपने परिजनों से बचाने की गुहार लगाई।वहीं परिजनों ने पुलिस से महिला को सौंपने की फरियाद की। पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला के निपटारे के प्रयास में जुटी है। प्रेमी के साथ खूंटी के मारंगहादा थाना पहुंची महिला ने बताया कि उसके परिजनों ने 14 वर्ष की उम्र में एक शादीशुदा व्यक्ति से शादी करा दी जिसकी पत्नी का निधन हो चुका है। पति भी उसके साथ अक्सर मारपीट करता है। इसी बीच घर में ड्राइवर के साथ प्रेम हो गया और वह घरबार छोड़कर प्रेमी के साथ मारंगहादा पहुंच गई। महिला ने बताया कि वह काफी अमीर घर से ताल्लुक रखती है लेकिन अब मुझे अपने प्रेमी के साथ रहना है। मैं दोबारा बिहार नहीं जाना चाहती। प्रेमी ने भी पुलिस को महिला से प्यार करने की बात स्वीकार करते हुए उसे अपनाने की बात कही। परिजनों ने बताया कि महिला के मिलने की सूचना बिहार पुलिस को दे दी गई है। वहां से टीम भी खूंटी के लिए रवाना हुई है। इधर, महिला ने भी मारंगहादा पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।

