पत्नी की चाकू घोंपकर हत्या, ससुराल वालों ने आरोपी पति को पीट-पीटकर मार डाला,जांच में जुटी है पुलिस…
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिहीह जिले में मायके में ठहरी महिला की हत्या उसके ही पति ने चाकू से गोदकर कर दी।घटना के बाद मृतका के मायके वाले आक्रोशित हो गए और हत्यारोपी पति को पीट पीट कर मार डाला।यह घटना मुफ्फसिल थाना इलाके के लुकईया गांव की है।घटना बुधवार की देर रात की है। मामले की सूचना मिलते ही सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जीतवाहन उरांव, मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो पहुंचे और दोनों के शव को कब्जे में लिया।
घटना को लेकर बताया गया कि मुफ्फसिल थाना इलाके के एक गांव के रहने वाले छोटेलाल हांसदा की शादी लगभग 8 वर्ष पूर्व लुकईया गांव निवासी मीणा हांसदा के साथ हुई थी।मीणा इन दिनों मायके में थी।वहीं, छोटेलाल भी अपने ससुराल पहुंचा था। बुधवार की रात घर के अंदर दोनों पति-पत्नी में कहासुनी हुई।बात बढ़ी तो छोटेलाल ने मीणा की हत्या चाकू से हमलाकर कर दी।
घटना को अंजाम देने के बाद छोटेलाल भागने लगा।इस बीच घटना की जानकारी मृतका के मायके वालों को लगी। मायके के लोग भड़क गए और भाग रहे छोटेलाल को पकड़ लिया। पकड़ में आए छोटेलाल की पिटाई कर दी।छोटेलाल को इतना मारा गया कि उसने दम तोड़ दिया।
इस बीच घटना की सूचना मुफ्फसिल थाना प्रभारी को मिली।थानेदार ने घटना से एसपी डॉ बिमल कुमार के साथ-साथ एसडीपीओ जीतवाहन उरांव को अवगत कराया।चंद मिनट में एसडीपीओ भी पहुंच गए फिर पुलिस घटनास्थल पर गई और पूरी जानकारी लेने के बाद दोनों के शव को कब्जे में लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार किसी बात को लेकर पत्नी मीणा और छोटेलाल में झगड़ा हुआ।छोटेलाल द्वारा चाकू से हमला किया गया, जिससे मीणा की मृत्यु हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद छोटेलाल भागने लगा कि इस बीच मीणा के मायके वालों ने छोटेलाल की पिटाई कर दी, जिससे छोटेलाल की भी मौत हो गई।दोनों के शव को कब्जे में लिए गया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

