व्यक्ति ने बाजार से प्लास्टिक की रस्सी खरीदी और फिर फांसी लगाकर आत्महत्या लर ली…
खूंटी।जिले के कर्रा प्रखंड के जरियागढ़ थाना क्षेत्र के गोविंदपुर ग्राम के ठठेरा वस्ती निवासी 52 वर्षीय कन्हाई साहू ने शुक्रवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार कन्हाई साहू शुक्रवार को राँची से अपने गांव गोविंदपुर लौटे थे। गांव पहुंचकर उन्होंने बाजार से प्लास्टिक की रस्सी खरीदी और दोपहर में ही आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन दोस्तों ने उन्हें बचा लिया। हालांकि, देर रात उन्होंने अपने कमरे में प्लास्टिक की रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
इधर शनिवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर जरियागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी भेजा और फिर शव परिजनों को सौंप दिया।
बताया जाता है कि कन्हाई साहू राँची में अपने परिवार के साथ रहते थे और एक सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह मेहनती और ईमानदार व्यक्ति थे, लेकिन ऐसा क्या हुआ कि उन्होंने आत्महत्या कर ली, यह स्पष्ट नहीं हो सका। कन्हाई साहू के चार संतान हैं।दो बेटे और दो बेटियां। इनमें से एक बेटी की शादी हो चुकी थी, जबकि दूसरी बेटी के विवाह की बातचीत चल रही थी। कन्हाई साहू की आत्महत्या से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और आत्महत्या के पीछे की वजह जानने की कोशिश कर रहे हैं।