पलामू:हत्या की सुपारी लेने वाले की ही हो गई हत्या,वॉल पुट्टी मिस्त्री हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
पलामू।झारखण्ड के पलामू पुलिस ने एक हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा किया है।एक वॉल पुट्टी मिस्त्री ने एक व्यक्ति की हत्या की सुपारी ली थी।हालांकि, हत्या को अंजाम देने से पहले ही वॉल पुट्टी मिस्त्री की ही हत्या कर दी गई। 19 अक्टूबर को पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर इलाके में वॉल सुपारी किलर पुट्टी मिस्त्री हसन अली की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।इस मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने हसन अली की हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल और एक देसी कट्टा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी इजहार खान, मुबारक अंसारी और सद्दाम अंसारी भी चैनपुर के शाहपुर के रहने वाले हैं।पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि हसन अली ने एकराम कुरैशी की हत्या की सुपारी ली थी। यह सुपारी पलामू के मेदिनीनगर और चैनपुर इलाके के एक नामी शख्स ने दी थी।एकराम हुसैन के रिश्तेदारों को इसकी जानकारी मिली। जिसके बाद एकराम को यह जानकारी दी गई, फिर हसन अली का पता लगाया गया।
एसपी ने बताया कि घटना वाले दिन हसन अली को पकड़कर जबरन कार में बिठाया गया और फिर गोली मारकर हत्या कर दी गई।इजहार, मुबारक और सद्दाम गोलीबारी में शामिल थे,जबकि एकराम कुरैशी भी घटनास्थल पर मौजूद था। एसपी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।हसन अली को 2.5 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। पुलिस ने हत्या की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया, जिसमें चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा, उपनिरीक्षक बाबूलाल दुबे, रंजीत बिलुंग और अनिल विद्यार्थी शामिल थे।
हसन अली ने 5 लाख रुपये की सुपारी ली थी और 2.5 लाख रुपये एडवांस मिले थे।शेष रकम हत्याकांड के बाद दी जानी थी। पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।इस हत्याकांड में पलामू के चर्चित सामाजिक और राजनीतिक हस्ती के नाम भी सामने आने की बात बताई जा रही है।

