हत्या के आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट परिसर से हथकड़ी समेत भागने का किया प्रयास,पुलिस ने लोगों की मदद से दबोचा…
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले में एक व्यक्ति की हत्या में गिरफ्तार हुए युवक ने हथकड़ी समेत भागने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस के साथ स्थानीय दुकानदारों की तत्परता से आरोपी पुनः पकड़ा गया। यह मामला गिरिडीह कोर्ट परिसर का है।जिले के धनवार थाना क्षेत्र के अंबाटांड़ पंचायत के गरडीह गांव निवासी 55 वर्षीय रविन्द्र सिंह की हत्या हुई थी।शनिवार को इस कांड को अंजाम दिया गया था।
एसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार पाल और उनकी टीम ने 25 वर्षीय बच्चू सिंह को गिरफ्तार किया। सोमवार को बच्चू को लेकर धनवार थाना के एसआई गिरिडीह पहुंचे थे।बच्चू का मेडिकल चेकअप करवाया गया।सदर अस्पताल में मेडिकल चेकअप करने के बाद बच्चू को अदालत में पेश करने के लिए कोर्ट परिसर लाया जा रहा था।
इसी दौरान बच्चू सिंह हथकड़ी और रस्सा समेत भागने लगा। बच्चू टावर चौक की तरफ भाग रहा था और उसके पीछे पुलिस पदाधिकारी और कर्मी दौड़ लगा रहे थे।पुलिस के द्वारा शोर भी मचाया गया।अचानक आरोपी को भागते देख टावर चौक के दुकानदार एक्टिव हुए और उसे घेर लिया।इसके बाद पुलिस ने उसे पुनः गिरफ्तार करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया।
घटना को लेकर धनवार थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार पाल ने बताया कि हत्या के मामले में बच्चू सिंह को गिरफ्तार करते हुए गिरिडीह भेजा गया था।यहां सदर अस्पताल में मेडिकल चेकअप कराने के बाद कोर्ट ले जाया जा रहा था, तभी अभियुक्त ने पुलिस बल को चकमा देने का प्रयास किया।हालांकि साथ में गए पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों की तत्परता से अभियुक्त को पुनः पकड़ लिया गया।बाकी मामले से वरीय पदाधिकारी को अवगत करा दिया गया है।

