थाना प्रभारी की सजगता से मासूम को सुरक्षित बरामद कर लिया गया…500 रुपये के लिए मासूम को बेच डाला
राँची। राजधानी राँची के बीआईटी इलाके में एक चार साल के बच्चे को एक महिला ने 500 रुपये में बेच डाला।लेकिन राँची पुलिस की सक्रियता से न सिर्फ बच्चा सकुशल बरामद कर लिया गया है बल्कि महिला से बच्चा खरीदने वाले व्यक्ति को भी धर दबोचा गया है।बीआईटी ओपी क्षेत्र में रहने वाले चार वर्षीय मासूम अनमोल को अनीता नाम की एक महिला ने चोरी कर बेच दिया था।बच्चे के गायब होने के बाद परिजनों ने पूरे मामले की जानकारी बीआईटी ओपी पुलिस को दी। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस तुरंत हरकत में आ गए, आनन फानन में बच्चे की खोज में लग गए।पुलिस ने लोकल इनपुट के आधार पर महिला अनिता देवी को हिरासत में ले कर जब उससे पूछताछ की तो सारा मामला ही खुल गया।
महिला ने बताया कि उसने 500 रुपया लेकर बच्चे को जगतपाल करमाली के हाथों बेच दिया है। बच्चे का सुराग मिलते ही पुलिस ने जगतपाल को धर दबोचा और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया।
महिला से बच्चे को लेने के बाद जगतपाल ने उसे बीआईटी मोड़ के पास मौजूद टोयोटा शोरूम के बेसमेंट में रखा था।जगतपाल टोयोटा के उसी शोरूम में काम भी किया करता था।पुलिस की टीम जब जगतपाल को खोजते हुए शोरूम पहुंची और उससे पूछताछ की, जिसके बाद बच्चे को बेसमेंट से बरामद किया गया। अपने सहकर्मियों को जगतपाल ने कहा था कि बच्चा उसके भाई का बेटा है।
थाना प्रभारी संजीव कुमार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 11 सितंबर को एक 04 साल के बच्चे की चोरी का मामला आया था।जिसके बाद खोजबीन कर उक्त बच्चे को जगतपाल करमाली के कब्जे से बरामद कर लिया गया। जगतपाल को बच्चा अनीता देवी से मिला था। बच्चे को उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है और इस मामले में एक कांड दर्ज कर दोनों अभियुक्त को शुक्रवार देर शाम जेल भेजा गया।

