मंदिर जा रही महिला को अपराधियों ने झांसा देकर पहले अंगूठी छीनी फिर सोने की चेन लूट लिया
हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग के हुरहुरु इलाके में सोमवार को सम्मोहन से लूट का मामला सामने आया है। अज्ञात अपराधियों ने एक महिला को सम्मोहित कर उससे सोने की चेन और अंगूठी लूट ली।मिली जानकारी के अनुसार, हुरहुरु निवासी मालती देवी रोज की तरह अपने घर से मंदिर में पूजा करने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान कुछ अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और पानी पीने का रास्ता पूछने लगे।बातचीत के दौरान अपराधियों ने किसी तरह उन्हें बातों में फंसाया और सोने की अंगूठी उतारवा ली। इसके बाद अपराधियों ने मौका पाकर उनके गले से सोने की चेन भी झपट ली और मौके से फरार हो गए।इसके बाद मालती देवी ने घटना की जानकारी अपने बेटे को दी। बेटे ने तुरंत बड़ा बाजार थाना को सूचित किया। थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।पुलिस ने अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने का कार्य शुरू कर दिया है। थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला सम्मोहन द्वारा लूट का प्रतीत होता है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अज्ञात व्यक्तियों से बातचीत करते समय सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इस घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।

