दिनदहाड़े महिला से चेन छिनतई, बाइक छोड़कर फरार हुआ अपराधी

 

रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले में घाटोटांड़ के वेस्ट बोकारो थाना क्षेत्र में हाउसिंग कॉलोनी में सोमवार को दिनदहाड़े एक महिला से सोने की चेन छिनतई की घटना हुई। घटना सुबह करीब दस बजे की है।पीड़िता प्रमिला सतपति (46 वर्ष) के पति स्वर्णदा प्रसाद त्रिपाठी ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि उनकी पत्नी जगन्नाथ मंदिर में पूजा कर अपने क्वार्टर लौट रही थीं। इसी दौरान अपाचे मोटरसाइकिल (JH 01EN 1051) पर सवार दो युवक लगातार उनका पीछा कर रहे थे।हाउसिंग कॉलोनी स्थित पानी टंकी के पास पहुंचते ही बाइक पर पीछे बैठे युवक ने जबरदस्ती महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और दोनों आरोपी मौके से तुरंत फरार हो गए।

पीड़िता का आरोप है कि घटना से पूर्व अपराधियों द्वारा उसकी रेकी की जा रही थी, जिसके कुछ फोटो एवं वीडियो बहुत सीसीटीवी में कैद हुए हैं।बाद में जानकारी मिली कि छिनतई में प्रयुक्त बाइक स्टेट बैंक घाटोटांड शाखा के समीप खड़ी है।सूचना मिलने पर पीड़ित पक्ष टाटा सिक्योरिटी के साथ मौके पर पहुंचा और बाइक के पास मौजूद युवकों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दोनों आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए।मौके से एक थैला बरामद किया गया, जिसमें मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन कार्ड, इंश्योरेंस और ड्राइविंग लाइसेंस की कॉपी मिली।

इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और बरामद कागजात को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि उपलब्ध फोटो, वीडियो फुटेज और दस्तावेजों के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

error: Content is protected !!