गिरिडीह:नाले में बह गया था मासूम,18 घंटे बाद मिला बच्चे का शव
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह शहर के गांधी चौक के पास नाले में गिरने से दो साल के बच्चे की मौत हो गई। घटना के करीब 18 घंटे बाद प्रशासन ने शव बरामद किया है। बच्चे की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।इधर घटना से दुखी लोगों ने जिला प्रशासन के खिलाफ सड़क पर उतरकर जमकर नारेबाजी की।इस दौरान सबसे अधिक आक्रोश नगर निगम के खिलाफ देखने को मिला।यहां लोग निगम की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।निगम को लापरवाह भी बता रहे हैं।
घटना के बाद लोगों में आक्रोश देख उन्हें समझाने एसडीएम श्रीकांत विस्पुते, डीएसपी मुख्यालय नीरज कुमार सिंह, एसडीपीओ सदर जीतवाहन उरांव, बीडीओ गणेश रजक, थाना प्रभारी ज्ञान रंजन समेत कई पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान एसडीएम ने जमीन पर बैठकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। इससे पहले बच्चे की माँ ने प्रशासन से गुहार लगाई थी।
दरअसल शनिवार देर शाम के समय बारिश के बीच दो साल का मासूम नाले के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद गांधी चौक में अफरा-तफरी का माहौल मच गया।सूचना मिलने के बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को खोजने का काम शुरू किया लेकिन बचाव टीम को बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।इस बीच बच्चे की तलाश में जुटा बचाव दल, रात डेढ़ बजे तक खोजबीन करता रहा लेकिन फिर भी उन्हें कोई सफलता नहीं मिली, जिसके बाद बचाव दल द्वारा अभियान को रोक दिया गया।लोगों के गुस्से को देख फिर से अभियान शुरू किया गया और कई घंटे बाद बच्चे की लाश बरामद की गई।
एसडीपीओ ने कहा कि नाले में बच्चा बह गया था। बच्चा मृत मिला है।शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।आगे की जांच पड़ताल चल रही है।

