शिक्षक ने छात्रा का किया यौन शोषण,शादी करने का किया वादा,फिर दूसरी लड़की से कर ली शादी

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड में एक स्कूल में कक्षा 12 में पढ़ने वाली छात्रा ने विद्यालय के शिक्षक पर शादी का प्रलोभन देकर यौन शोषण का आरोप लगाया है।छात्रा ने बुधवार की शाम नावाडीह थाना में इस बाबत पुलिस से शिकायत की। आरोपी शिक्षक के विवाह कर लेने की सूचना पाकर छात्रा थाना पहुंची थी।दूसरी ओर आरोपी शिक्षक का कहना है कि छात्रा का आरोप निराधार है। छात्रा का कहना है कि शिक्षक ने उसे मोबाइल फोन दिया था। उसके बाद उससे बातचीत करने लगा। वह उसके झांसे में आ गई।

शिक्षक ने उससे विवाह करने की बात कही। इसके बाद भरोसे में लेकर पुस्तकालय में यौन शोषण किया। छात्रा ने शिक्षक के साथ हुए मोबाइल चैट भी पुलिस को दिखाए।उसने कहा कि शिक्षक ने एक ओर उससे शादी की बात कही, वहीं दूसरी ओर 13 दिसंबर को किसी अन्य लड़की से बोकारो में शादी कर ली।

यह जानकारी मिली तो शिक्षक को फोन किया। तब उसने कहा कि तुम घर के लोगों को नींद की गोली खिलाकर बोकारो आओ, तुमसे विवाह कर लेंगे। तब वह घर के सदस्यों को नींद की गोली खिलाकर बोकारो गई, लेकिन शिक्षक उससे नहीं मिला। तब वह घर वापस लौट आई। घरवालों की तबीयत बिगड़ गई तो उनका अस्पताल में इलाज हुआ।

नावाडीह थाना के अवर निरीक्षक बंधन भगत ने बताया कि छात्रा ने शिक्षक पर शादी का प्रलोभन देकर यौन शोषण करने की शिकायत दी है। मामले की सत्यता की जांच कर रहे हैं। छात्रा का मोबाइल फोन जांच के लिए ले लिया है।

error: Content is protected !!