सवारियों से भरी टाटा मैजिक वाहन खाई में गिरी,मौके पर एक की मौत,एक दर्जन लोग घायल,सभी साप्ताहिक बाजार से घर लौट रहे थे….

 

गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के डोका पाठ घाटी में गुरुवार की शाम सवारियों से लदी टाटा मैजिक वाहन खाई में गिर गई। जिसमें बेहना पाठ गढ़ाटोली निवासी बिरसु असुर पिता स्वर्गीय शिमोन असुर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दर्जन भर लोग गम्भीर रूप से घायल हैं। जिन्हें प्रशासन एवं ग्रामीणों के सहयोग से चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया ।जहां लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डाक्टरों ने गुमला रेफर कर दिया है। रेफर किए गए घायलों में कच्चा पाठ एवं बेसना पाठ निवासी जेवियर असुर, सुखदेव असुर,मंगरी असुर, झारखंडी असुर,रागपातिक एक्का,मरियानुस तिग्गा,मदन गुड़िया के नाम शामिल हैं।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सभी लोग चैनपुर में लगने वाले साप्ताहिक बाजार करके अपने गांव वापस लौट रहे थे,जैसे ही गाड़ी घाटी चढ़ रही थी तभी गाड़ी ओवरलोड होने के कारण अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।

इधर घटना की सूचना मिलने पर चैनपुर पुलिस ने मौके पर पंहुच कर सभी घायलों को अस्पताल भेजवाया।ज़हां जिप सदस्य मेरी लकड़ा एवं आजसू नेता बोनीफास कुजूर ने सभी घायलों के इलाज में मदद करते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गुमला रेफर करवाया।