सेल्फी लेने के दौरान डैम में गिरा छात्र,एक घंटे बाद मिला शव…दोस्तों संग तिलैया डैम में गया था
कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र स्थित तिलैया डैम में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। डुमरडीहा गांव में नानी के यहां रहकर पढ़ाई कर रहे 17 वर्षीय सन्नी यादव की डैम में डूबने से मौत हो गई।सन्नी अपने दो दोस्तों के साथ तिलैया डैम घूमने गया था। तीनों ने डैम किनारे खड़ी एक खाली बोट पर सवार होकर करीब 50 फीट दूर तक गए। वहां सेल्फी लेने के दौरान बोट अनियंत्रित हो गई और सन्नी डैम में गिर गया।दोस्त तुरंत बोट लेकर किनारे पर आए और स्थानीय लोगों व नाविकों को सूचना दी। नाविकों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सन्नी का शव बाहर निकाला गया।
इधर परिजनों ने बचने की उम्मीद से उसे सदर अस्पताल कोडरमा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सन्नी मूल रूप से डोमचांच थाना क्षेत्र के सपही गांव का रहने वाला था। वह अपनी नानी के यहां डुमरडीहा गांव में रहकर पढ़ाई कर रहा था। मृतक के पिता का नाम संजय यादव है।

