देवघर में छात्र की रहस्यमय स्थिति में मौत…लॉज के बाथरूम में फर्श पर पड़ा मिला,जांच में जुटी है पुलिस..
देवघर।झारखण्ड के देवघर थाना क्षेत्र के बरमसिया स्थित एक लॉज में सोमवार सुबह एक छात्र की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान जसीडीह थाना क्षेत्र के संथाल बदिया निवासी प्रिंस बेसरा के रूप में हुई है, जो देवघर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, प्रिंस सुबह नींद से जागा और बाथरूम गया। काफी देर तक बाहर न आने पर उसके दोस्त ने आवाज लगाई। कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर अन्य छात्रों की मदद से बाथरूम का दरवाजा तोड़ा गया। प्रिंस अंदर बेसुध हालत में फर्श पर पड़ा मिला।
साथी छात्र उसे तत्काल देवघर सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रों ने बताया कि प्रिंस पूरी तरह स्वस्थ था और उसने सामान्य रूप से दिन की शुरुआत की थी। इस घटना से लॉज परिसर में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर देवघर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला बाथरूम में किसी अचानक हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत का स्पष्ट कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।
साथी छात्र राहुल ने बताया कि प्रिंस शांत और मेहनती था। किसी को ऐसी घटना की आशंका नहीं थी। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

