कोडरमा:यज्ञ की तैयारी में जुटी महिलाओं पर पथराव, इलाका पुलिस छावनी में तब्दील

 

कोडरमा।झारखण्ड में कोडरमा जिले के कोडरमा थाना क्षेत्र के चेचाई में होने वाले महायज्ञ के लिए सात गांवों का भ्रमण करने निकली महिलाओं के जत्थे पर छतरबर में हुए पथराव के बाद तनावपूर्ण माहौल को शांतिपूर्ण बनाने का प्रयास जारी है। फिलहाल एसडीओ रिया सिंह और एसडीपीओ अनिल कुमार के नेतृत्व में छतरबर में विवादित स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।इसके अलावा दोनों समुदायों के बीच शांति बहाल करने के लिए शांति समिति की बैठक आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।

दरअसल आज मंगलवार की सुबह गांव में होने वाले यज्ञ के लिए सात गांवों का भ्रमण करने निकली महिलाओं पर छतरबर में पथराव किया गया, जिससे महिलाओं के माथे पर रखा कलश क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद गांव के दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

हालांकि सूचना मिलने पर तत्परता दिखाते हुए भारी संख्या में पुलिस और प्रशासन की टीम छतरबर गांव पहुंची और घटना को लेकर सर्च अभियान चलाया गया। लोगों से घटना के बारे में पूछताछ की गई।इस दौरान ड्रोन कैमरे की मदद से छतरबर में रहने वाले लोगों के घरों की छतों पर भी नजर रखी गई, ताकि विवाद पर काबू पाया जा सके।पत्थरबाजी से महायज्ञ की तैयारियां प्रभावित हुईं।दूसरी ओर इलाके में शांतिपूर्ण माहौल कायम रखने के लिए जिला प्रशासन और कोडरमा पुलिस के आला अधिकारी छतरबर में कैंप कर रहे हैं। हर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।एसडीओ रिया सिंह ने बताया कि शांतिपूर्ण माहौल कायम रखने के साथ ही पत्थर फेंकने वाले की पहचान की जा रही है।

 

बता दें कि चेचाई गांव में 9 से 17 अप्रैल तक महायज्ञ का आयोजन होना है।इसलिए गांव की 50-60 महिलाएं सात गांवों से भिक्षा मांगने निकली थीं। इनमें से 11 महिलाएं अपने सिर पर कलश रखकर लाइन में चल रही थी।छतरबर गांव से गुजरते समय दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने छत से पत्थर फेंका।इससे महिलाओं के सिर पर रखे कलश क्षतिग्रस्त हो गए।महिलाओं ने तुरंत मोबाइल फोन से अपने गांव के लोगों को सूचना दी।चेचाई के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस भी पहुंची।पुलिस ने महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला और भीड़ को हटाया।घटना के बाद दोनों गांवों के लोग छतरबर के मुख्य चौक पर जमा हो गए। मौके पर पुलिस के पदाधिकारी कैंप कर रहे हैं और पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया और गांव में तलाशी अभियान शुरू कर दिया।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

error: Content is protected !!