पत्थर व्यवसायी की गोली मारकर हत्या,पुराने विवाद में हत्या की आशंका,जांच में जुटी है पुलिस..

 

पाकुड़।झारखण्ड के पाकुड़ जिले में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव में शुक्रवार देर रात पत्थर व्यवसायी मगबूल शेख उर्फ शेखू (45 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, रात में वे अपने घर के पास स्थित चाय दुकान पर चाय पीने गए थे। उस दौरान बारिश शुरू हो जाने से वे वहीं रुक गए। देर रात जब बारिश थमी और वे घर लौटने लगे।तभी रास्ते में पहले से घात लगाए छह लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों में से एक ने उनकी पीठ पर गोली मार दी। जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर घरवाले बाहर दौड़े, लेकिन तब तक सभी हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।घायल अवस्था में मगबूल शेख को परिजन और ग्रामीणों की मदद से सोनाजोड़ी सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए रेफर कर दिया।

परिजन उन्हें इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के एक अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया।मृतक अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि मगबूल शेख एक शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। गांव में पत्थर कारोबार के लिए जाने जाते थे। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। मृतक के पुत्र जमाल शेख ने गांव के ही दानारुल शेख, उसके पुत्र लालून शेख और चार अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वर्ष 2023 में दानारुल शेख से उनके पिता का विवाद हुआ था।उसी रंजिश में यह हत्या की गई। जमाल ने बताया कि लालून शेख ने ही गोली चलाई थी, जो पीठ में लगी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। फिलहाल लखनपुर गांव में सन्नाटा पसरा है।

error: Content is protected !!