थाना प्रभारी की पिटाई मामले में छह आरोपी गिरफ्तार,सभी आरोपियों को इलाके में कराया परेड..

 

खूँटी।झारखण्ड के खूँटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र के लोहागड़ा में थाना प्रभारी की पिटाई मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।इनमें एक महिला भी शामिल है।साथ ही मारपीट में इस्तेमाल लकड़ी, खून लगा पत्थर का टुकड़ा, शराब की बोतल और आरोपियों के कपड़े भी बरामद किए गए हैं।गिरफ्तार आरोपियों में बसिया थाना क्षेत्र के 20 वर्षीय सुखदेव झोरा उर्फ भोको, रनिया क्षेत्र के जापुद झोरा टोली निवासी 24 वर्षीय सनेतर झोरा उर्फ सोनू, डीगरी निवासी 45 वर्षीय जगतपाल सिंह उर्फ चौठा, डीगरी निवासी 32 वर्षीय मेलानियूस होरो, डीगरी निवासी 66 वर्षीय मार्शल कोनगाड़ी और रनिया कनकलोया निवासी 42 वर्षीय महिला पूनम भेंगरा शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने से पहले गठित टीम ने रनिया इलाके में परेड कराया गया।रनिया थाना से निकाल कर रनिया बाजार सहित आसपास के इलाकों में सभी आरोपियों का परेड हुआ, जिसमें आरोपी माफी मांग रहे थे। साथ ही दोबारा ऐसी घटना नहीं करने की बात कह रहे थे।

बता दें कि 2 नवंबर को लोहागड़ा में डाईर मेले के दौरान थाना प्रभारी के साथ मारपीट की गई थी।जिसमें थाना प्रभारी घायल हो गए थे।मामले में 2 नामजद लोगों के साथ 40 से 50 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। थाना प्रभारी के साथ हुई मारपीट मामले की जांच तपकरा, तोरपा और रनिया पुलिस की टीम कर रही थी। टीम ने वायरल वीडियो, तकनीकी सहायता और गुप्त जानकारी के आधार पर इस कांड में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने लगातार विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की।मारपीट मामले की हर एंगल से जांच करने के बाद छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकारा कि उन्होंने नशे की हालत में थाना प्रभारी को मारा था और जवानों के हथियार लूटने का प्रयास किया था।एसपी ने बताया कि पीछे से “मारो-मारो, पुलिस वालों को मार कर फेंक दो” कहने वाले की तलाश जारी है।

खूँटी एसपी मनीष टोप्पो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर मारपीट घटना का खुलासा किया।उन्होंने बताया कि मारपीट मामले में अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।गिरफ्तार छह अभियुक्तों पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत रनिया थाना में कांड दर्ज की गई है। एसपी ने बताया कि थाना प्रभारी विकास कुमार जायसवाल अब खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज चल रहा है।

error: Content is protected !!