धनबाद:रक्षाबंधन पर जेल में भाइयों को राखी बांधने पहुंची बहनें..मंडलकारा में सुबह से ही सैकड़ों बहनें राखी और मिठाई लेकर पहुंचीं

 

धनबाद।रक्षाबंधन का पावन पर्व भाई-बहन के अटूट रिश्ते का प्रतीक है। शनिवार को धनबाद मंडलकारा में भावुक दृश्य देखने को मिला। सुबह से ही सैकड़ों बहनें राखी और मिठाई लेकर जेल में बंद भाइयों के लिए पहुंचीं।सुबह करीब 8 बजे से ही मंडलकारा के बाहर बहनों की कतार लग गई थी। उनके हाथों में थाल सजे हुए थे। इनमें राखियां, चावल, रोली और मिठाई रखी हुई थी। कई बहनें रंग-बिरंगे परिधानों में सजी-धजी थीं। कुछ के चेहरे पर भाई से मिलने की बेचैनी साफ नजर आ रही थी।

जेल के बाहर का माहौल उल्लास और स्नेह से भरा था। बहनों के चेहरों पर अपने भाइयों से मिलने की खुशी झलक रही थी। लेकिन लंबे समय से जुदाई का दर्द भी उनके आंसुओं में दिखाई दे रहा था।

सुरक्षा कारणों के चलते जेल प्रशासन ने प्रत्यक्ष मुलाकात की अनुमति नहीं दी। बहनों को केवल जेल के बाहर ही रुकने दिया गया। राखी और मिठाई जेलकर्मियों के माध्यम से कैदियों तक पहुंचाई गई। इसके लिए प्रशासन ने विशेष काउंटर बनवाए थे। बहनों ने अपने भाइयों के नाम के साथ राखी और मिठाई वहां सौंपी।

राखी के साथ ही बहनों ने भाइयों की सलामती, लंबी उम्र और जल्दी रिहाई की दुआएं भी भेजीं। कई बहनें जब बाहर लौटीं तो उनकी आंखें नम थीं, लेकिन उन्हें यह सुकून था कि उनका प्यार और आशीर्वाद भाइयों तक पहुंच गया।

error: Content is protected !!