मानगो नगर निगम चुनाव में वार्ड 33 के प्रत्याशी शीतल रजक का हार्ट अटैक से निधन…
जमशेदपुर।झारखण्ड के मानगो नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर 33 से वार्ड सदस्य पद के प्रत्याशी शीतल कुमार रजक (36 वर्ष) का मंगलवार सुबह हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) से आकस्मिक निधन हो गया।इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।उलीडीह थाना अंतर्गत राम कृष्ण कॉलोनी (हाउस नंबर 3) निवासी मंगल रजक के पुत्र शीतल अपने पीछे पत्नी विजया भारती रजक और पुत्री शिवांगी रजक को छोड़ गए हैं।जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद एक रिपोर्ट बनाकर राज्य चुनाव आयोग को भेजकर मार्ग दर्शन मांगा गया है।वार्ड का चुनाव स्थगित होगा या नहीं, उसके बाद तय हो पाएगा।
परिजनों के अनुसार, शीतल सोमवार रात अपने कमरे में सोने गए थे। मंगलवार सुबह जब वे काफी देर तक नहीं उठे, तो पत्नी विजया भारती ने उन्हें जगाने का प्रयास किया।कोई हलचल न होने पर रिश्तेदारों को सूचना दी गई।आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।डॉक्टरों ने प्राथमिक रूप से हार्ट अटैक की आशंका जताई है।
शीतल कुमार रजक पेशे से स्टील ट्रेडिंग का व्यवसाय करते थे और उन्होंने हाल ही में वार्ड सदस्य के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया था। उनके भाई ने बताया कि शीतल को पहले से कोई बीमारी नहीं थी और न ही वे किसी प्रकार की दवा का सेवन करते थे। वे एक स्वस्थ जीवन जी रहे थे।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।टीएमएच से पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया।प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम को भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।चुनाव प्रचार के बीच प्रत्याशी के इस तरह असमय चले जाने से राजनीतिक गलियारों में भी सन्नाटा पसर गया है।

