ममेरे भाई के साथ माँ को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया…महिला ने प्रेमी संग मिलकर 14 साल के बेटे की हत्या कर दी…
साहिबगंज।झारखण्ड के साहिबगंज जिले में अवैध संबंध छिपाने के मकसद से माँ ने प्रेमी संग मिल 14 वर्षीय बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और शव घर के पास पोखर में फेंक दिया। शव मिलने के तीन दिन बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूरी घटना बरहरवा के रतनपुर गांव की है।बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने बुधवार को बताया कि रतनपुर निवासी आयुष कुमार ने अपनी माँ मीनू देवी (33) को ममेरे भाई रोहित साहा (30) के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। इसका विरोध करने पर मीनू देवी और उसके प्रेमी रोहित साहा ने उसकी हत्या कर दी थी।
बरहरवा एसडीपीओ ने बताया कि 7 फरवरी को ग्राम रतनपुर निवासी आयुष कुमार की हत्या अज्ञात व्यक्तियों द्वारा किए जाने की सूचना मिली थी। मृतक के पिता द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर बरहरवा थाना में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर मृतक की माँ मीनू देवी और मृतक का ममेरा भाई रोहित साहा निवासी धरमपुर, थाना रांगा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि पिछले दो वर्षों से उनके बीच अवैध संबंध थे।
आरोपियों ने बताया कि 7 फरवरी की रात करीब 9 बजे मृतक के पिता घर पर नहीं थे। मीनू देवी ने रोहित साहा को फोन कर घर के पीछे बुलाया। उसी दौरान आयुष कुमार ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया और विरोध किया। इस बात के उजागर होने के डर से दोनों ने मिलकर आयुष का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को पास के पोखर के किनारे छोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर पहुंचने पर मृतक के गर्दन पर नाखून के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका मजबूत हुई। इसके अलावा मृतक की माँ द्वारा पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार करना, शव को तालाब से घर लाने की कहानी और परिजनों के बयान में विरोधाभास पुलिस के संदेह को और बढ़ाता गया। सख्त पूछताछ के बाद मीनू देवी ने अपराध स्वीकार कर लिया।

