सरपंच के घर तीसरे बच्चे का हुआ जन्म,पद से निलंबित

 

डेस्क टीम
गुजरात के छोटा उदेपुर जिले के संखेड़ा तालुका की कविठा ग्राम पंचायत के प्रभारी सरपंच के घर तीसरे बच्चे के जन्म के बाद एक ग्रामीण ने सरपंच के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।तालुका विकास अधिकारी ने पूरे मामले की जांच की और प्रभारी सरपंच को निलंबित कर दिया।इससे पहले, कविठा के सरपंच को झूठे बिल लगाने के आरोप में भी निलंबित किया गया था। इसके कारण, संखेड़ा तालुका की कविठा ग्राम पंचायत सरपंच और उपसरपंच विहीन हो गई है।

छोटा उदेपुर जिले के संखेड़ा तालुका की कविठा ग्राम पंचायत पिछले तीन वर्षों से विवादों में रही है।सतीशभाई महेंद्रभाई वसावा ने जब कविठा ग्राम पंचायत के सदस्य पद का चुनाव लड़ा था, तब उनके दो बच्चे थे और वह ग्राम पंचायत के सदस्य चुने गए थे। उसके बाद, वह उपसरपंच बने।

10 अगस्त 2025 को उनके घर तीसरे बच्चे का जन्म हुआ। स्थानीय व्यक्ति महेशभाई जसिंगभाई रबारी ने संखेड़ा तालुका विकास अधिकारी को लिखित आवेदन देकर इस संबंध में शिकायत की। इसके बाद गांव के पटवारी को पूरे मामले की जांच करने का आदेश दिया गया. पटवारी ने पूरे मामले की जांच की और पता चला कि बहादरपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सरपंच के तीसरे बच्चे का जन्म हुआ था। इसके बाद संखेड़ा तालुका विकास अधिकारी ने प्रभारी सरपंच सतीशभाई महेंद्रभाई वसावा को निलंबित कर दिया।

गुजरात पंचायत अधिनियम की धारा 30(एम) के अनुसार, दो से अधिक बच्चों वाला व्यक्ति पंचायत सदस्य पद पर नहीं रह सकता और उसे अयोग्य घोषित करने का नियम है।

इसी ग्राम पंचायत के पिछले सरपंच को अपने घर के बिल बनाकर ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में लगाने और सरकारी खर्चे दर्ज करने के आरोप में निलंबित किया गया था।फिर उपसरपंच को इस ग्राम पंचायत में सरपंच का प्रभार दिया गया। उन्हें भी निलंबित कर दिया गया।

कविठा ग्राम पंचायत में सरपंच के निलंबित होने के बाद उपसरपंच कामकाज संभाल रहे थे,और अब उपसरपंच को भी निलंबित कर दिया गया है।अब गांव बिना सरपंच के है।गांव में पीने के पानी की समस्या भी है। दो मोटर जल जाने से ग्रामीणों को पीने के पानी की दिक्कत हो रही है। लोग कुओं से पानी लाने को मजबूर हैं।

संखेड़ा के तालुका विकास अधिकारी जिगर प्रजापति ने बताया कि कविठा गांव के उप-सरपंच, सरपंच के पद पर कार्यरत थे।उनके तीसरे बच्चे का जन्म 10 अगस्त को हुआ था। इसके आधार पर हमें ग्रामीणों से एक आवेदन मिला था।इसके आधार पर हमने तीनों बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिए हैं और नियमानुसार उन्हें पद से अयोग्य घोषित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!