राँची के रातू थाना क्षेत्र के दलादिली से बरामद मुखिया सपना का कोर्ट में बयान के बाद परिजनों के हवाले…
बोकारो।पिछले कई दिनों से चर्चा में रही जिले के गोमिया प्रखंड के पलिहारी गुरुडीह पंचायत की मुखिया सपना कुमारी के लापता होने के मामले का आखिरकार पटाक्षेप हो गया। सोमवार को बयान तेनुघाट न्यायालय में दर्ज कराने के बाद उन्हें परिजनों के हवाले कर दिया गया। गौरतलब है कि मुखिया के इसी 2 अक्टूबर को अचानक लापता हो जाने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। तब उनके पति आशीष कुमार ने गोमिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। 02 अक्टूबर से लापता मुखिया को बोकारो पुलिस ने 05 अक्टूबर को राँची के रातू थाना क्षेत्र दलादिली से एक मकान से बरामद किया।उसके बाद कोर्ट में पुलिस ने बयान दर्ज करवाया है।एक बच्चे की माँ 25 वर्षीय मुखिया सपना कुमारी ने कहा कि पारिवारिक तनाव के कारण वह राँची में अपने एक दोस्त के पास चली गई थी।
बेरमो डीएसपी वी.एन.सिंह ने आज कोर्ट के बयान की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को भी सपना ने यही बयान दिया है और परिवार या किसी अन्य के खिलाफ कोई भी शिकायत नहीं की है। डीएसपी ने कहा कि मुखिया सपना कुमारी अपने क्षेत्र में काफी पॉपुलर हैं और वे जब अचानक गायब हो गई तो मामला बड़ा बन गया। इस कारण एसपी हरविंदर सिंह ने तुरंत मामले के अनुसंधान के लिए एसआईटी का गठन किया और पुलिस ने 05 अक्टूबर को सपना को राँची के रातू थाना क्षेत्र से खोज निकला। उसके बाद उन्हें कोर्ट में हाजिर किया, जहां उन्होंने अपना बयान दर्ज करवाया।अब वे अपने ससुराल में हैं।बोकारो के गोमिया प्रखंड के पलिहारी, गुरुडीह की मुखिया सपना कुमारी 02 अक्टूबर को अचानक लापता हो गई थी। परिवार और पति परेशान तथा पुलिस अलग टेंशन में थी। पति आशीष कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
इधर स्थानीय कुछ लोगों का मानना है कि बेरमो अनुमंडल के गोमिया प्रखंड के इस मुखिया सपना ने अपने लापता होने के पीछे जो कारण कोर्ट और पुलिस को बताया है, उस पर विश्वास करने के अतिरिक्त हमारे पास विकल्प भी क्या है,लेकिन एक सवाल का जवाब नहीं मिला कि जब राज्य में उनको लेकर इतना हंगामा मचा था तो उन्होंने एक फोन कर पुलिस, परिवार या अपने पंचायत सचिव/ कर्मचारी किसी को भी सूचित क्यों नहीं किया ? आखिर पुलिस के द्वारा खोजे जाने के बाद ही वे अपने घर क्यों वापस लौटी ? आपको बता दें कि हजारीबाग जिले की केरेडारी की बेटी हैं सपना। इनके पिता भी केरेडारी प्रखंड क्षेत्र के कंडाबेर पंचायत के मुखिया हैं।

