समधी ने पीट-पीटकर समधन की ली जान,हत्या के बाद गांव में तनाव

औरंगाबाद।बिहार के औरंगाबाद जिले के उपहारा थाना क्षेत्र के खैरा गांव में अंतरजातीय विवाह को लेकर परिवारों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद शुक्रवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। इस विवाद में बेटे की अंतरजातीय शादी से नाराज लड़की के पिता ने अपनी समधन को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।पुलिस के मुताबिक मृतका शांति देवी (पत्नी काशी सिंह) के बेटे राजेश कुमार ने सोनम कुमारी नामक युवती से कुछ समय पहले अंतरजातीय विवाह किया था।इस शादी को लेकर लड़की के पिता मिथलेश पासवान लगातार नाराज चल रहे थे।दोनों परिवारों के बीच कई बार कहासुनी भी हुई थी। शुक्रवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि मिथलेश पासवान ने अपनी समधन शांति देवी पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। गंभीर चोटों के चलते इलाज के दौरान शांति देवी की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

औरंगाबाद एसपी के निर्देश पर दाउदनगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार ऋषिराज की अगुवाई में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। SIT को निर्देश दिया गया है कि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी कर घटना की जांच की जाए।पुलिस ने कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद खैरा गांव समेत आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि हिंसा न भड़के। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा।

error: Content is protected !!