रिम्स निदेशक डॉ.राजकुमार को मिली धमकी…धमकी देने वाले ने कहा-15 दिनों के अंदर राँची से करा दूंगा बाहर

राँची।राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स के निदेशक डॉ. राजकुमार को वॉट्सऐप कॉल पर 15 दिनों के अंदर राँची से बाहर करने की धमकी मिली है।धमकी देने वाले ने खुद को चंदन कुमार बताते हुए कहा कि वह 15 दिनों के अंदर डॉ. राजकुमार को राँची से बाहर करा देगा। इस मामले में डॉ. राजकुमार ने बरियातू थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

मिली जानकारी के अनुसार आरोपी चंदन कुमार ने इससे पहले मई महीने में डॉ. राजकुमार से मुलाकात की थी और खुद को राँची के विनायक हास्पिटल का सीईओ बताया था।मुलाकात के दौरान उसने रिम्स में ट्रांसफर-पोस्टिंग से संबंधित कुछ मांगें रखी थीं। मांगें पूरी न होने पर उसने धमकी दी।

डॉ. राजकुमार ने बताया कि धमकी के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया।बताया कि सोमवार सुबह व्हाट्सएप कॉल आने पर जब उन्होंने फोन उठाया तो उधर से अनाप- शनाप बोलने लगा।उन्होंने कहा कि धमकी भरे कॉल में कहा गया कि “बहुत सम्मान करा लिया तुमने… अब तुम्हें 15 दिनों के अंदर जूते से पीट कर राँची से बाहर करूंगा”।

बरियातू थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुट गई है और वॉट्सऐप कॉल के नंबर की जांच कर रही है। साथ ही चंदन को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

error: Content is protected !!