धनबाद:लोन सेटलमेंट विवाद में अपहरण के बाद रिकवरी एजेंट की हत्या,गिरफ्तार आरोपी के घर से शव बरामद,इलाके में सनसनी…
धनबाद झारखण्ड के धनबाद जिले में लोन रिकवरी एजेंट अमित कुमार अग्रवाल की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार को सदर थाना क्षेत्र के सूर्य हाइलैंड सोसाइटी स्थित विकास खंडेलवाल के आवास से अमित कुमार अग्रवाल का शव बरामद हुआ है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।इससे पहले परिजनों ने पहले ही अमित कुमार अग्रवाल के लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया था कि अमित कुमार के मोबाइल फोन पर 15 लाख रुपये की फिरौती की मांग की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर जांच तेज की।
वहीं डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम के अनुसार, मोबाइल लोकेशन के आधार पर विकास खंडेलवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर अमित अग्रवाल का शव बरामद किया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी और मृतक के बीच करीब एक करोड़ रुपये के लोन सेटलमेंट को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि शनिवार देर शाम अमित कुमार अग्रवाल का अपहरण किया गया था और रविवार को शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने इस मामले में विकास खंडेलवाल को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.।डीएसपी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि अपहरण के बाद हत्या की आशंका है और हर एंगल से जांच की जा रही है।उन्होंने बताया कि अमित का मोटरसाइकिल भी बरामद हुआ है।विकास खंडेलवाल के बारे में पता चला है कि उन्होंने बैंक से लोन लिया था और रिकवरी के सिलसिले में भी अमित से मुलाकात होती थी।घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची। जिसने साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा

