Ranchi:प्रिंस खान ने व्हाट्सएप पर मांगी 1 करोड़ की रंगदारी, नहीं देने पर जान से मारने की धमकी..
राँची।भगौड़ा अपराधी प्रिंस खान द्वारा राँची के खरसीदाग ओपी में व्हाट्सएप के जरिए एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में राँची के खरसीदाग ओपी में आरोपी प्रिंस खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। कुटियातु, खरसीदाग निवासी सतीश कुमार महतो ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 8 मार्च की रात से उनके व्हाट्सएप नंबर 9771**54*3 पर अंतरराष्ट्रीय नंबर 971545920432 से लगातार ऑडियो मैसेज और कॉल आने लगे। ऑडियो मैसेज में कॉल करने वाला खुद को प्रिंस खान बताते हुए उनसे और अली उर्फ अनुप कुमार महतो से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांग रहा था। पीड़ित के अनुसार आरोपी ने पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। 8 मार्च के बाद 9 और 10 मार्च को भी कई बार व्हाट्सएप कॉल और ऑडियो मैसेज कर रंगदारी की मांग दोहराई गई। लगातार धमकी मिलने से पीड़ित और उनका परिवार दहशत में है। पीड़ित ने धमकी से जुड़े ऑडियो मैसेज, कॉल लॉग और स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंप दिए हैं। पुलिस ने इस मामले में प्रिंस खान के विरुद्ध बीएनएस की धारा 308(3), 308(4) और 111 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

