Ranchi:स्वान दस्ते के साथ पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया,स्वान दस्ता भी हुआ फेल,पांचवें दिन भी कोई सुराग नहीं मिला…
राँची।राजधानी राँची के धुर्वा से 2 जनवरी से गायब दो मासूम बच्चों की तलाश को लेकर राँची पुलिस ने एक जंबो टीम बनाई है। लेकिन 5 दिन बीत जाने के बाद भी दोनों मासूम बच्चों का पता पुलिस हासिल नहीं कर पाई है।जैसे-जैसे समय बीत रहा है दोनों मासूमों के परिजन हताश हो रहे हैं।धुर्वा इलाके से 2 जनवरी से गायब दो मासूम बच्चों को खोजने के लिए राँची पुलिस ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है, पुलिस की तरफ से 51 हजार पुरस्कार राशि की घोषणा भी की गई है, लेकिन बच्चों का अब तक कोई सुराग हासिल नहीं हो पाया है।मंगलवार को दोनों बच्चों को खोज निकालने के लिए राँची पुलिस ने हाउस सर्च अभियान भी चलाया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
बुधवार को तो राँची पुलिस ने स्वान दस्ते को ही धुर्वा में उतार दिया।खोजी कुत्ते लगातार बच्चों की तलाश करते रहे लेकिन उन्हें भी कोई सफलता नहीं मिली।बच्चों के पुराने कपड़े डॉग स्क्वायड की टीम को उपलब्ध करवाया गया था, ताकि अगर इलाके में बच्चों को कहीं छिपाया गया हो या फिर किसी जगह बच्चे फंस गए हो तो उन्हें खोजा जा सके लेकिन दिन भर की मेहनत के बावजूद पुलिस को कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
पुलिस ने सभी रेलवे स्टेशन सभी बस स्टैंड के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है।पुलिस की कई टीमें राँची, हटिया, टाटीसिलवे और नामकुम रेलवे स्टेशन भी पहुंची और वहां लोगों से पूछताछ की,बच्चों की तस्वीर दिखाई लेकिन कोई जानकारी उन्हें बच्चों को लेकर नहीं मिल पाई।बस स्टैंड में भी पुलिस ने एक-एक बस में यात्रियों से लेकर बस के ड्राइवर और खलासी तक से बच्चों की तस्वीर दिखाकर उनके बारे में जानकारी हासिल की लेकिन कोई कुछ भी बता नहीं पाया।
राँची के एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि बच्चों की तलाश के लिए पुलिस पूरी शिद्दत से काम कर रही है। इस मामले की गहन जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है, जिसमें ग्रामीण एसपी और सिटी एसपी के नेतृत्व में डीएसपी, इंस्पेक्टर और तकनीकी सेल की टीम को भी शामिल किया गया है ताकि हर संभावित पहलू की जांच की जा सके।
रहस्मय तरीके से गायब दो मासूम भाई-बहन अंश (7 वर्ष) और अंशिका (6 वर्ष) की खोज में राँची पुलिस का पूरा महकमा लगा हुआ है।लेकिन इसके बावजूद चार दिन बीत जाने के बाद भी दोनो बच्चों का कोई सुराग तक हासिल नहीं हो पाया है।राँची पुलिस ने बच्चों को खोज निकालने के लिए इनाम की राशि की घोषणा भी कर दी है। बच्चों का पता बताने वाले को 51 हजार की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। बच्चों की तस्वीर और पुरस्कार राशि के साथ रांची के विभिन्न इलाकों में पोस्टर चस्पा किए गए हैं।

