Ranchi:डीएसपी ने फिल्मी अंदाज में ड्रग तस्करों के ठिकानों पर मारा रेड…पति-पत्नी और देवर सहित चार गिरफ्तार..5.82 लाख नकद और करीब 7 लाख का ब्राउन शुगर बरामद…
राँची।राजधानी राँची की पुलिस ने नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राँची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र से ब्राउन शुगर के एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।जिसमें एक महिला भी शामिल है।
एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए सुखदेवनगर थाना क्षेत्र सेंट्रल बैंक गली स्थित अखिल मेमोरियल मार्ग से चार लोगों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार तस्करों में अनिकेत और शीनू, अमित कुमार सोनी, सोनू कुमार और अनिशा कुमारी है। इनके पास से 5.82 लाख रुपया नगद ,33.18 ग्राम ब्राउन शुगर (बाजार मूल्य 6.60 लाख), एक महिंद्रा स्कॉर्पियो और एक स्कूटी बरामद की गई है।
गुरुवार की देर शाम इस सम्बंध में कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने प्रेसवार्ता में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक महोदय को 10 दिसंबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री हो रही है। इस महत्वपूर्ण सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए,कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।गठित पुलिस टीम ने सबसे पहले सुखदेवनगर स्थित कुम्हार टोली, चूना भट्ठा के पास अमित सोनी के घर पर विधिवत छापा मारा।तलाशी के दौरान, अमित सोनी के घर के दूसरे तल पर कपड़ों के बीच छिपाकर रखी गई 20.58 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में अमित सोनी ने बताया कि वह सासाराम के शाहिद नामक व्यक्ति से ब्राउन शुगर लाकर राँची में ऊंचे दाम पर बेचता है। वह वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
डीएसपी ने बताया कि दूसरी कार्रवाई रातू रोड में अमित सोनी से मिली जानकारी के आधार पर, टीम ने देर रात करीब 02:30 बजे अखिल मेमोरियल गली, रातू रोड स्थित अनिकेत कुमार उर्फ शीनू के घर पर छापा मारा।छापेमारी के दौरान घर में अनिकेत कुमार उर्फ शीनू और उसका भाई सोनू कुमार मिले।दोनों की तलाशी लेने पर अनिकेत के पैंट की पॉकेट से प्लास्टिक में लिपटी 10.20 ग्राम और सोनू कुमार के पैंट से 2.40 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
घर की तलाशी के दौरान अनिकेत की पत्नी अनीशा कुमारी उर्फ अन्नु एक कमरे में सोती हुई मिलीं।महिला पुलिस कर्मी पुष्पम कुमारी द्वारा उठाने पर अनीशा ने उठने से मना कर दिया। सख्ती बरतने पर जब उन्होंने सहयोग किया और बिस्तर से कंबल हटाया, तो पता चला कि वह अपने साथ ₹5.82 लाख रुपया नकद छिपा रखी थीं।
पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि अनीशा कुमारी उर्फ अन्नु भी ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में शामिल हैं और यह मोटी रकम ब्राउन शुगर बेचकर ही जमा की गई थी। अनिकेत सासाराम के पिंटू साह से माल लाकर घर और घूम-घूम कर बेचता था।डीएसपी ने बताया कि नशे कारोबारी के खिलाफ अभियान जारी है।
इधर एसएसपी ने आम लोगों से अपील किया है कि इस तरह अवैध कारोबार की सूचना राँची पुलिस को दें।गुप्त सूचना देने वालों का नाम और पता गोपनीय रखा जाएगा।

