Ranchi:एंबुलेंस और ऑटो की टक्कर में महिला की मौत, पांच घायल
राँची।जिले के सिकिदिरी-शास्त्री चौक पथ पर डोमा नदी के पास एक एंबुलेंस और ऑटो के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो पर बैठी महिला सकीना खातून की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। घटना रविवार की शाम लगभग पांच बजे की है। घायलों में नीखत परवीन, अमना खातून, ऑटो चालक कलीम अंसारी, मुस्कान परवीन और सज्जाद अंसारी शामिल हैं। बताया जाता है कि ऑटो (जेएच 01 बीआर 6556) से सभी लोग सांडी गांव से इरबा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। ऑटो जब डोमा नदी के पास पहुंचा तभी राँची से सिकिदिरी जा रही एंबुलेंस (जेएच 01 एएम 1830) ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।स्थानीय लोगों ने सभी को इलाज के लिए मेदांता अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने सकीना खातून को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों का इलाज मेदांता अस्पताल में चल रहा है इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतका के शव को मेदांता अस्पताल में रखवा दिया है।पुलिस आज शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा है।

