Ranchi:बारातियों से भरी बस में करंट दौड़ने से मची चीख-पुकार, 3 की मौत, 5 गंभीर रूप से घायल….

 

राँची।झारखण्ड के सरायकेला जिले से राँची जिले के तमाड़ आई एक बाराती बस बिजली के तार की चपेट में आ गई।इसमें एक नाबालिग समेत 3 बारातियों की मौत हो गई।वहीं 5 अन्य घायल हो गए हैं।सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना रविवार देर रात की है।

बताया जाता है कि सरायकेला जिले के कुचई थाना क्षेत्र के बारूहातु गांव से बाराती बस तमाड़ थाना क्षेत्र के चोगागुटू आ रही थी।गांव में प्रवेश करने से पहले ही बस बिजली के तार के संपर्क में आ गई।बस की छत पर बैठे 3 लोगों की वहीं पर मौत हो गई।5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।मामले की जांच की जा रही है।

करंट लगने के बाद बस पर सवार लोगों में चीख-पुकार मच गयी। तत्काल बस को रोककर उस पर सवार लोगों को सुरक्षित उतारा गया।घायल हुए 5 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया।उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सभी को रिम्स रेफर कर दिया गया।

मृतकों की पहचान दिनेश सिंह मुंडा (36), मुंडा मुंडा (25) और जितेन सिंह मुंडा (12) के रूप में हुई है।घायलों के नाम लंबार मुंडा, शंकर मुंडा, सुभाष मुंडा, उपेन मुंडा और चरण मुंडा हैं।बारातियों ने बताया कि इस दुर्घटना की खबर लड़की वालों को हुई, तो वे भी गमगीन हो गए।

इधर दोनों पक्षों के बड़े-बुजुर्गों ने बैठकर बात की और तय किया कि शादी नहीं रुकनी चाहिए। इसके बाद किसी तरह से शादी संपन्न कराया गया।लोगों ने बताया कि जिस बस में बाराती आई थी, उस पर 80 से 90 लोग सवार थे।अंदर बस फुल थी। बस की छत पर भी काफी संख्या में लोग बैठे थे।