Ranchi:महिला की गोली मार कर हुई थी हत्या,गढ़ी गई थी आग में जलने की कहानी…पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली पोल,शूटर सहित 6 गिरफ्तार…
राँची।राजधानी राँची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में एक ब्लाइंड मर्डर केस को राँची पुलिस ने सफलता के साथ सुलझाया गया है।इस हत्याकांड में शामिल छह आरोपियो को गिरफ्तार भी किया गया है। अपराधियों ने एक महिला की हत्या की थी, फिर उसे साजिश कर हादसे का रूप दे दिया था। पूरे मामले में डायन-बिसाही का एंगल भी सामने आया है।
कहते हैं ना कानून के हाथ लंबे होते हैं, इस कहानी को एक बार फिर से राँची पुलिस ने सच साबित किया है। पूरा मामला एक महिला की हत्या से जुड़ा हुआ है। 1 फरवरी को राँची जिले के तमाड़ में एक महिला जिसका नाम एतवारी कुमारी था, उसकी मौत चूल्हे की आग में जलने की वजह से हो गई थी।मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करा कर शव को उसके परिजनों को सौंप दिया। ऐसा लगा कि मामला खाना बनाने के दौरान जलने से मौत का है।लेकिन जब 2 फरवरी को पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आया तो सारी कहानी ही पलट गई।
राँची के ग्रामीण एसपी ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में पत्रकारों को बताया कि पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने बताया कि मृतका की मृत्यु आग में जलने से नहीं हुई है, बल्कि सिर में गोली लगने से हुई है।मामला यूडी केस से तब्दील होकर हत्या केस में तब्दील हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए,एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ग्रामीण एसपी ने बुंडू एसडीपीओ ओमप्रकाश के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया। छापेमारी टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल आरोपियों सोनाराम लोहरा, सोमा लोहरा, लखीचरण मुंडा, और कालीचरण लोहरा को तालीडीह गांव, तमाड़ से, अमित लोहरा को नूरीडीह गांव, तमाड़ से और विष्णु महतो को सामलोंग, नामकुम से गिरफ्तार किया।पूछताछ के दौरान, इन लोगों ने अपना जुर्म कबूल किया और बताया कि मृतक, एतवारी कुमारी, आरोपी सोनाराम लोहरा की भाभी थी।सोनाराम लोहरा को शक था कि एतवारी कुमारी जादू-टोना करती है और उसने काले जादू से उसके दो बच्चों को मार डाला था।
इससे सोनाराम लोहरा बहुत गुस्सा हो गया।वह अपनी भाभी, एतवारी कुमारी को मारना चाहता था। उसकी पत्नी के भाई, अमित लोहरा ने इस प्लान में उसकी मदद की। अमित लोहरा ने शूटर, विष्णु महतो से संपर्क कियामविष्णु महतो 2 लाख रुपये में एतवारी कुमारी को मारने के लिए तैयार हो गया।
प्लान के अनुसार, 1 फरवरी की शाम को, अमित लोहरा, शूटर विष्णु महतो और बबलू महतो उर्फ देव कुमार महतो के साथ तालीडीह गांव में एतवारी के घर पहुंचा। अन्य आरोपी, सोनाराम लोहरा, सोमा लोहरा, लखीचरण मुंडा, और कालीचरण लोहरा पहले से ही वहां मौजूद थे।
इसके बाद, शूटर विष्णु महतो और बबलू महतो उर्फ देव कुमार महतो एतवारी कुमारी के घर में घुसे और विष्णु महतो ने एतवारी कुमारी को गोली मारकर हत्या कर दी।हत्या के बाद, सोनाराम लोहरा, सोमा लोहरा, और कालीचरण लोहरा ने गोली के निशान मिटाने और ऐसा दिखाने के लिए कि एतवारी कुमारी की मौत आग में जलने से हुई है, मृतका के शरीर को चूल्हे की आग में जला दिया।
