Ranchi:सदर अस्पताल में रात की ड्यूटी समाप्त कर सुबह घर लौट रहे नाइट गार्ड को हाईवा ने कुचला,मौके पर दर्दनाक मौत
राँची।जिले के पिस्का नगड़ी स्थित मनोकामना मंदिर के समीप राँची-गुमला मुख्य मार्ग पर गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान इटकी मोरो गोपला टोली निवासी वसंत उरांव के रूप में हुई है। यह हादसा उस समय हुआ, जब चिप्स लदा एक तेज रफ्तार हाईवा अनियंत्रित होकर बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वसंत उरांव राँची सदर अस्पताल में नाइट गार्ड के पद पर कार्यरत था। वह रात की ड्यूटी समाप्त कर सुबह करीब पांच बजे अपनी बाइक से घर लौट रहा था।जैसे ही वह मनोकामना मंदिर के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे हाईवा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और हाईवा को भी जब्त कर लिया है। हादसे के बाद राँची-गुमला मुख्य मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वसंत उरांव की मौत की खबर मिलते ही मोरो गोपला टोली गांव में कोहराम मच गया। पत्नी और परिजनों की चीख-पुकार से पूरा क्षेत्र गमगीन हो उठा। वसंत अपने पीछे पत्नी के अलावा एक पुत्र छोड़ गया है। घटना की जानकारी मिलने पर नगड़ी अंचलाधिकारी ने मृतक के परिजनों को तत्काल दस हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। देर शाम परिजनों ने स्थानीय मसना में वसंत उरांव का अंतिम संस्कार कर दिया।

