Ranchi:बिरसा चौक से स्कूटी चालक का अपहरण, 25 लाख रुपये की फिरौती की मांग….

 

राँची।राजधानी राँची के बिरसा चौक इलाके से एक स्कूटी चालक का अपहरण कर लिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अपहृत व्यक्ति की पहचान मिनहाज आलम के रूप में हुई है। अपहरणकर्ताओं ने उसे छोड़ने के एवज में 25 लाख रुपये की फिरौती की मांग की है। इस संबंध में अपहृत की पत्नी फिरोजी परवीन के बयान पर जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

प्राथमिकी में बताया गया है कि फिरोजी परवीन इलाही नगर, अकवरिया मस्जिद के पास रहती हैं। उनके पति मिनहाज आलम 31 दिसंबर को सुबह करीब 9 बजे हरियाली रेस्टोरेंट के आसपास काम के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटे।इसके बाद 1 जनवरी की सुबह करीब 7 बजे, मिनहाज आलम के मोबाइल नंबर 6201*375** से उनकी पत्नी के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल के दौरान मिनहाज ने बताया कि बिरसा चौक, हटिया के पास से कुछ अज्ञात लोगों ने उनका अपहरण कर लिया है और वे लोग उन्हें उड़ीसा की ओर ले जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी स्कूटी बिरसा चौक के पास ही खड़ी है।

इसके बाद मिनहाज आलम ने अपने भाई असगर आलम के मोबाइल पर भी व्हाट्सएप कॉल किया और कहा कि वे मिलन नामक व्यक्ति (मोबाइल नंबर 95469*53**) से संपर्क करें। मिनहाज ने यह भी बताया कि अपहरणकर्ताओं ने एक 12 चक्का ट्रक (आरजे 37जीए-9057) को अपने कब्जे में ले लिया है।

अपहरण की सूचना मिलने के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। पत्नी फिरोजी परवीन ने बताया कि भयभीत होने के कारण वे 1 जनवरी को थाना में सूचना नहीं दे सकीं। इसके बाद 2 जनवरी को पुनः मिनहाज आलम के मोबाइल से व्हाट्सएप कॉल आया,जिसमें अपहरणकर्ताओं द्वारा यह कहा गया कि मिलन से 25 लाख रुपये वापस लेकर उन्हें सौंप दिया जाए, तभी मिनहाज को छोड़ा जाएगा, अन्यथा जान से मारने की धमकी दी गई। कॉल के दौरान पीछे से अन्य लोगों की आवाजें भी सुनाई दे रही थीं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अपहृत की लोकेशन ट्रेस करने के साथ-साथ कॉल डिटेल और संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।हालांकि पुलिस इस मामले में अभी कुछ नहीं बताना चाहते हैं।थाना प्रभारी ने बताया कि छानबीन के साथ कार्रवाई जारी है।जल्द इस मामले में खुलासा कर लिया जायगा।

error: Content is protected !!