Ranchi:कुख्यात महिला ड्रग तस्कर रूबी देवी उर्फ भाभी जी को पुलिस ने रिमांड पर लेकर की पूछताछ…
राँची।राजधानी राँची सहित अन्य जगहों में युवाओं के रगों में ड्रग यानी धीमा जहर घोलने की सूत्रधार कुख्यात महिला ड्रग्स तस्कर रूबी देवी उर्फ भाभी जी अब पुलिस के शिकंजे में है।उसने राँची पुलिस के ताबड़तोड़ छापेमारी के डर से कुछ दिनों पहले ही राँची के कोर्ट में सरेंडर की थी।इसके बाद कोर्ट ने उसे तीन दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया था। आज यानी सोमवार को उसकी रिमांड की अवधि खत्म हो गयी। उसे फिर से राँची केंद्रीय कारागार भेज दिया गया है। रिमांड में भाभी जी ने कई राज पुलिस के सामने उगले हैं। नशा का गंदा धंधा करने वालों के जानी दुश्मन माने जाने वाले शहर के तेज तर्रार पुलिस अधिकारी कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि बीते कुछ दिनों से पुलिस ने रूबी देवी उर्फ भाभी जी को दबोचने के वास्ते दबिश बढ़ा दी थी। ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही थी। इसी बीच भाभी जी ने राँची के सिविल कोर्ट से लेकर हाई कोर्ट तक में जमानत के लिए अर्जी डाली थी। दोनों कोर्ट से जमानत की अर्जी को खारिज कर दिया गया। जब उसे लगने लगा कि पुलिस उसे कभी भी दबोच सकती है, तो पुलिस की बढ़ती दबिश को देखते हुए उसने 29 अप्रैल 2025 को कोर्ट मे सरेंडर कर दिया।
बता दें बिहार के सासाराह की रहने वाली चार बच्चों की माँ रूबी देवी उर्फ भाभी जी के खिलाफ राँची के सुखदेवनगर थाना की पुलिस फाइल में ब्राउन शुगर तस्करी से जुड़े छह मामले दर्ज हैं। तीन दिनों की रिमांड पर रूबी देवी ने पुलिस के सामने कई चौंकाने वाले राज खोले हैं। पुलिस को दिये अपने बयान में भाभी जी ने खुलासा किया कि ड्रग्स के इस गंदे धंधे में उसका पूरा परिवार शामिल है। पति, देवर से लेकर घर के सारे सदस्य इस ड्रग्स तस्करी में उसका साथ देते हैं। सबसे चौंकाने वाली बात तो यह है कि वह घर पर ही ब्राउन शुगर तैयार करती थी। इसके बाद उसे अलग-अलग इलाके में सप्लाई करवाती थी। इस काम के लिए वह बड़ा नेटवर्क खड़ा कर चुकी है। भाभी जी और उसके कई ‘देवर’ यानी ड्रग्स पेडलर अब राँची पुलिस के शिकंजे में हैं। वहीं, कई जमानत पर बाहर निकल चुके हैं।वहीं कई लड़कियों को भी इस नशे के धन्धे में शामिल कर रखी है।पूछताछ में मिली जानकारी के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई गई है।

