राँची पुलिस ने संगठित बाइक चोरी गिरोह का किया पर्दाफाश,तीन युवक गिरफ्तार,8 चोरी की मोटरसाइकिल जब्त
राँची।राजधानी राँची के जगरनाथपुर थाना पुलिस ने बाइक चोरी के एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से अलग-अलग स्थानों से चोरी की कुल आठ मोटरसाइकिल बरामद की हैं। यह सभी बाइक का नंबर बदलकर इसे बेचने की तैयारी में थे इसके लिए वह फर्जी कागजात भी बनाते थे। मामले की जानकारी थाने में आयोजित प्रेसवार्ता में सिटी एसपी पारस राणा ने दी। इस दौरान जगरनाथपुर थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह सहित छापेमारी दल के अधिकारी भी उपस्थित थे।
सिटी एसपी ने बताया कि 9 जनवरी की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि हेसाग तालाब के पास कुछ असामाजिक तत्व चोरी की मोटरसाइकिल लेकर घूम रहे हैं और नशापान व अन्य अवैध गतिविधियों में लिप्त हैं।
सूचना के आधार पर सिटी एसपी के निर्देश पर जगरनाथपुर थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने हेसाग तालाब और आसपास के इलाकों में छापेमारी कर तीन युवकों को चोरी की तीन मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे हेसाग तालाब के पास स्थित रिसॉर्ट, सार्वजनिक भवनों और अन्य स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद बाइकों को ग्राहकों को बुलाकर बेच दिया जाता था।आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से कुल आठ चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। इनमें कुछ बाइक बिना नंबर प्लेट की भी हैं।बरामद मोटरसाइकिलों में बुलेट 3, स्प्लेंडर प्रो 3, होंडा साइन 1, पैशन प्रो 1 है। गिरफ्तार आरोपियों में राज उर्फ विजय सिंह (20 वर्ष), विकास नगर रोड नंबर-02, सिंह मोड़, हटिया संतोष उर्फ करण ठाकुर (19 वर्ष), प्रेमनगर रोड नंबर-06, सिंह मोड़, हटिया, विनीत उर्फ प्रिंस पासवान (19 वर्ष), प्रेमनगर रोड नंबर-06, सिंह मोड़, हटिया शामिल हैं
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से बाइक चोरी के कई मामले दर्ज हैं। इनके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हुआ है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

