Ranchi:हजारीबाग के पूर्व एसडीओ को पुलिस ने दबोचा…ढेड़ महीने से था फरार…पत्नी को जलाकर मारने का है आरोप…
राँची।झारखण्ड के हजारीबाग के पूर्व एसडीओ अशोक कुमार को हजारीबाग पुलिस ने राँची के जगरनाथपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। हजारीबाग की पुलिस टीम ने रविवार की देर शाम एसडीओ को जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार अपने साथ लेकर गई। पत्नी को जलाकर मारने के आरोप में पुलिस ने एसडीओ को गिरफ्तार किया है।वह लंबे समय फरार चल रहा था।
पूर्व एसडीओ की गिरफ्तारी की पुष्टि राँची के जगरनाथपुर थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह के साथ साथ हजारीबाग सदर एसडीपीओ अमित आनंद ने भी की है।लोहसिंघना थाना प्रभारी संदीप कुमार और उनके टीम के साथ जगरनाथपुर थाना की टीम ने गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।रविवार की देर शाम करीब सवा सात बजे पूर्व एसडीओ अशोक कुमार गिरफ्तारी होने की पुष्टि की गई है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी करने के दौरान पुलिस को भारी दबाव का भी सामना करना पड़ा। तमाम दबाव और विरोध के बाद हजारीबाग पुलिस ने पूर्व एसडीओ अशोक कुमार को अपनी हिरासत में ले लिया है। उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हजारीबाग लेकर गई है। 31 जनवरी को हजारीबाग व्यवहार न्यायालय ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दी थी।इसके बाद से ही यह कयास लगाया जा रहा था कि कभी भी उनकी गिरफ्तारी हो सकती है। इस मामले में हजारीबाग पुलिस ने कोर्ट में पुलिस डायरी भी जमा कर चुकी है।
बता दें 26 दिसंबर 2024 को तत्कालीन सदर एसडीओ अशोक कुमार के आवास पर शरीर में आग लगने से उनकी पत्नी अनिता देवी गंभीर रूप से झुलस गयी थीं।उनका इलाज रंची के देवकमल अस्पताल में चल रहा था।इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी।मृतका अनिता देवी के भाई राजू कुमार ने लोहसिंघना थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। इस मामले की जांच के लिए एसआइटी का गठन किया गया है। साथ ही टीम को मामले की जांच करने और छापामारी अभियान चला कर अभियुक्त को गिरफ्तार करने का आदेश दिया गया था।
हजारीबाग सदर के पूर्व एसडीओ अशोक कुमार के पिता दुर्योधन साव को पुलिस ने एक दिन पहले गिरफ्तार कर लिया था। पूर्व एसडीओ की पत्नी को जलाकर मारने के आरोप में पूर्व एसडीओ के पिता भी नामजद अभियुक्त हैं।