Ranchi:टोल प्लाजा फायरिंग मामले में पिस्टल बरामद,आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी…
राँची।जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र में रिंग रोड स्थित तुरूप टोल प्लाजा पर सोमवार की देर रात हुई हवाई फायरिंग की घटना को लेकर पुलिस गहन जांच में जुटी हुई है।मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बुधवार को घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर ली है। पुलिस को यह पिस्टल एक टोलकर्मी द्वारा सौंपी गई,जिसे आरोपी से हंगामा और फायरिंग के बाद भागने के दौरान टोलकर्मियों ने छीन लिया था। बताया गया कि आरोपी ने टोल प्लाजा पर हंगामा करते हुए पिस्टल से हवाई फायरिंग की थी,जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।टोल प्लाजा प्रबंधन की ओर से पुलिस को घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया गया है।सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को कार से पिस्टल निकालते हुए देखा गया है।पुलिस मौके के सभी सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
इस सम्बंध में टोल प्लाजा के प्रबंधक संतोष पाठक ने इस मामले में अनगड़ा थाना में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार एक टोलकर्मी बूथ नंबर 13 पर ड्यूटी पर तैनात थे।इसी दौरान एक एक्सयूवी कार (जेएच 01 एफजी 1025) रामपुर से विकास की ओर जा रही थी। टोल गेट पार करने के बाद वाहन अचानक रुक गया।उसके बाद वाहन से एक महिला और एक पुरुष नीचे उतर कर आए। इशारे से कर्मी को बाहर बुलाया।इसके बाद वाहन मालिक ने पिस्टल निकालकर टोलकर्मी की कनपट्टी पर सटा दी और उसके पॉकेट से 13 हजार रुपये नकद व मोबाइल फोन लूट लिया। इसके बाद आरोपियों ने लात-घूंसे से टोलकर्मी की पिटाई की।इसी बीच फायरिंग की आवाज सुनकर अन्य टोलकर्मी मौके पर पहुंचे। भीड़ बढ़ता देख आरोपी वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गौतम रजवार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। वहीं, पुलिस टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान में जुटी है।टोलकर्मियों ने मौके से फायरिंग के बाद गिरा खोखा और पिस्टल पुलिस को सौंप दिया है। बताया जाता है कि आरोपी वाहन मालिक स्वयं को स्थानीय बताते हुए टोल टैक्स फ्री होने का दावा कर रहा था। टोल टैक्स कटने से नाराज होकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

