Ranchi:पत्रकार के घर नकाबपोशों का धावा, ताला तोड़कर लाखों की चोरी
–सीसीटीवी में रात 2:10 बजे पांच संदिग्ध दिखे; नामकुम में गृहभेदन कर घर खंगाल गए चोर
राँची।राँची के नामकुम थाना क्षेत्र में चोरों ने एक पत्रकार के घर को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना सहदेव नगर रोड नंबर-2 स्थित नारायणी एन्क्लेव के पीछे की है, जहां नकाबपोश बदमाश घर में घुसकर सामान समेट ले गए। पीड़ित सुलभ कुमार मिश्रा (35) ने नामकुम थाना में दिए आवेदन में बताया कि 11 मार्च को वह अपने घर में ताला लगाकर काम के सिलसिले में बाहर गए थे। 12 मार्च की सुबह करीब 10:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। इसके बाद उन्होंने पड़ोसी विजय को घर के अंदर जाकर स्थिति देखने को कहा। पड़ोसी ने घर के अंदर चोरी होने की पुष्टि की। सूचना मिलते ही सुलभ मिश्रा नामकुम पहुंचे और पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना पर पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में रात करीब 2:10 बजे पांच नकाबपोश संदिग्ध इलाके में आते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में नामकुम थाना में दर्ज कर लिया है। अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच की की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी है।

