Ranchi:महिला डीएसपी से छिनतई करने वाले स्नैचर समेत पांच गिरफ्तार, कई घटनाओं का खुलासा…

 

राँची।सीआईडी में पदस्थापित महिला डीएसपी सरिता मुर्मू से सोने की चेन की छिनतई करने वाले गिरोह में शामिल चार अपराधियों को राँची पुलिस ने गिरफ्तार किया है।महिला डीएसपी से छिनतई को शातिर स्नैचर फरहान और जाहिद ने अंजाम दिया था। दोनों की पहचान होने के बाद राँची पुलिस की टीम उनके पीछे लगी थी। पुलिस से बचने के लिए ये दोनों इधर-उधर भाग रहे थे, लेकिन आखिरकार पकड़े गए।महिला डीएसपी से छिनतई मामले में फरहान और जाहिद के अलावा दो सुनार राजेश सोनी और मुकेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।राजेश और मुकेश चोरी के जेवरात बेचते थे।

गौरतलब है कि 25 जून को राँची के कचहरी चौक के पास महिला डीएसपी सरिता मुर्मू के साथ रात आठ बजे छिनतई की घटना को अंजाम दिया गया था।बाइक सवार दो अपराधियों ने महिला डीएसपी को घायल कर उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे। जिसको लेकर डीएसपी ने कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी ने कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर उसे आरोपियों की गिरफ्तारी का टास्क दिया था।

एसएसपी ने बताया कि महिला डीएसपी से छिनतई मामले में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, इनके पास से महिला डीएसपी की सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों ने राजधानी में हुई कई छिनतई की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

बरियातू से भी स्नैचर गिरफ्तार

दूसरी ओर, राँची के बरियातू थाना क्षेत्र में महिला निशा झा से सोने की चेन छिनतई करने वाले आरोपी मो आसिफ अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। आसिफ अंसारी ने इसी साल 24 मार्च को निशा झा से सोने की चेन छिनतई की घटना को अंजाम दिया था।