Ranchi:घर में घुसकर जमीन कारोबारी की चाकू मारकर हत्या,लोगों ने कई घंटे सड़क जाम रखा…
राँची।राजधानी राँची के कांके थाना क्षेत्र में एक युवक की घर में घुसकर चाकू मारकर हत्या कर दी।हत्या से इलाके के लोग आक्रोशित हैं।कांके डैम के पास सर्वोदय नगर में रमेश उरांव नाम के व्यक्ति की, उसी के घर में चाकू से हत्या कर दी गई।पुलिस के मुताबिक हत्या का कारण साफ नहीं हुआ है लेकिन जिस तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया है उससे कानून व्यवस्था पर सवाल जरुर उठ रहे हैं।मृतक के परिजनों ने बताया कि रमेश के बच्चे का मुंडन कार्यकम था जो अगले दिन सुबह तक चला।जब कार्यक्रम समाप्त हुआ तो रमेश घर पहुंचा लेकिन पहले से ही घर में छुपे आरोपी ने रमेश उरांव पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया।परिजनों द्वारा अस्पताल ले जाते समय जहां उसकी मौत हो गई।जानकारी के मुताबिक हमलावर कार से आया था और वह घटना को अंजाम देकर फरार हो गया।
इधर रमेश उरांव की हत्या से कांके के लोगों में भारी आक्रोश है।लोगों ने सड़क पर उतरकर जमकर प्रदर्शन किया।लोगों ने कांके रोड के गांधी नगर गेट के पास सड़क को जाम कर दिया, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था बाधित हुई।4 घंटे तक रोड को जाम रखा।
स्थानीय लोग अपराधी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। मौके पर ग्रामीण एसपी,डीएसपी,थानेदार ने ग्रामीणों से बात कर अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार मुआवजा और जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
घटना के संबंध में पुलिस ने कहा कि अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।लेकिन पुलिस को शक है कि हत्या आपसी रंजिश को लेकर की गयी है। फिलहाल, पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुट गयी है।पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर ली जायेगी और उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया जायेगा।रमेश उरांव जमीन कारोबार से जुड़ा था।

