Ranchi:दो नाबालिग को चाउमिन में नशा खिला किया अपहरण, पुलिस ने आरोपियों का लोकेशन ट्रेस कर बच्चों को किया रेस्क्यू…
–-हुलहुंडू से बच्चों को लेकर भागे आरोपी, पुलिस ने लोकेशन निकाला तो पहले हिनू में मिला, फिर स्टेशन रोड, परिजनों को देखा तो नाबालिगों को छोड़ भागे
राँची।तुपुदाना ओपी क्षेत्र स्थित हुलहुंडू से दो नाबालिगों को चाउमिन में नशा मिलाकर खिलाया, फिर उनका अपहरण किया। बच्चों को किसी दूसरे राज्य में ले जाने की तैयारी थी। लेकिन बच्चों के माता पिता ने उन्हें खोजना शुरू किया। आरोपियों के बारे में पता लगाया। पुलिस की मदद ली गई। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल नंबर को ट्रेस किया तो उनका लोकेशन पहले हिनू में मिला। फिर स्टेशन रोड में। जब स्टेशन रोड में बच्चों के परिजन पहुंचे तो आरोपी बच्चों को छोड़ भाग निकले। परिजनों ने पीसीआर को बुलाया। फिर उन्हें बच्चों के साथ चुटिया थाना ले जाया गया। तुपुदाना ओपी की पुलिस वहां पहुंची। बच्चों व उनके माता को तुपुदाना ओपी ले जाया गया। फिर माता पिता को बच्चे सौंप दिए गए। घटना 6 जून की शाम करीब 6 बजे की है। न्यू हुलहुंडू की रहने वाली सूरज मुनी और अंजली देवी का नाबालिग बेटा अपने घर के पास खेल रहे थे। उसी दौरान एक आरोपी आया और 12 साल के आदित्य व 11 साल के कार्तिक को कहा कि चलो तुम्हारा मोबाइल रिचार्ज करा देंगे। दोनों बच्चे उसके झांसे में आ गए। आरोपी के साथ दोनों बच्चे गए तो, उसने उन्हें चाउमिन खिलाया गया। इसके बाद दोनों बच्चों को नहीं पता कि उनके साथ क्या हुआ।
शाम 6 बजे काम कर लौटे परिजनों तो शुरू हुई खोज
दोनों बच्चों के माता पिता मजदूरी करते है। शाम 6 बजे वे काम कर लौटे तो दोनों बच्चे घर में नहीं मिले। इसके बाद दोनों की खोजबीन शुरू हुई। जिन बच्चों के साथ वे खेल रहे थे उनसे पूछताछ हुई तो उन बच्चों ने एक आरोपी का नाम बताया। बच्चों ने कहा कि आदित्य व कार्तिक उसी के साथ गए है। परिजनों ने आरोपी को फोन लगाया तो उसने कहा कि बच्चे उसके साथ नहीं है। उसे कई बार फोन लगाया गया। हर बार वह अपना पता गलत बताता रहा। उसे खोजते हुए रात 12.30 बजे बच्चों को माता पिता स्टेशन रोड पहुंचे। जैसे ही आरोपी ने उन्हें देखा वह बच्चों को छोड़ भाग निकला। जब बच्चे उन्हें मिले तो वे बेसुध थे। बच्चे नहीं बता पा रहे थे कि उन्हें कहा कहा आरोपी ले गया। इधर, मामले की पुलिस छानबीन कर रही है। बच्चों के माता पिता ने तुपुदाना ओपी में इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।